असम-अरुणाचल प्रदेश का सीमा विवाद जल्द सुलझेगा? दोनों राज्य बनाएंगे जिला स्तरीय समितियां
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू से मुलाकात की और घोषणा की कि दोनों पूर्वोत्तर राज्य लंबे समय से जारी सीमा विवादों को समयबद्ध तरीके से हल करने के लिए जिला स्तरीय समितियां बनाएंगे।
05:38 PM Apr 20, 2022 IST | Desk Team
पूर्वोत्तर के असम और अरुणाचल प्रदेश में काफी लंबे समय से सीमा मुद्दे को लेकर विवाद चल रहा है। ऐसे में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू से मुलाकात की और घोषणा की कि दोनों पूर्वोत्तर राज्य लंबे समय से जारी सीमा विवादों को समयबद्ध तरीके से हल करने के लिए जिला स्तरीय समितियां बनाएंगे।
Advertisement
दोनों राज्यों के बीच मुख्यमंत्री स्तर की यह दूसरी बैठक
सरमा ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा कि सीमा मुद्दे को लेकर दोनों राज्यों के बीच मुख्यमंत्री स्तर की यह दूसरी बैठक है। उन्होंने कहा, ‘‘हमने समयबद्ध तरीके से इस मुद्दे को हल करने के लिए दोनों राज्यों में जिला स्तरीय समितियां गठित करने का फैसला किया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जिला समितियां दोनों राज्यों के ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य, जातीयता, निकटता, लोगों की इच्छा और प्रशासनिक सुविधा के आधार पर लंबे समय से लंबित मुद्दों के ठोस समाधान खोजने के लिए विवादित क्षेत्रों में संयुक्त सर्वेक्षण करेगी।’’
सरमा ने कहा कि बैठक में समितियों के संदर्भ की शर्तों को भी अंतिम रूप दिया गया। बैठक में असम के सीमा क्षेत्र विकास मंत्री अतुल बोरा और दोनों राज्यों के मुख्य सचिव और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। असम और अरुणाचल प्रदेश 804.1 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करते हैं और इसके साथ विवाद के 1,200 बिंदु हैं।
Advertisement