जम्मू कश्मीर में आपातकाल जैसे बनाए जा रहे हैं हालात - दिग्विजय
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आज कहा कि जम्मू कश्मीर में आपातकाल जैसे हालात बनाए जा रहे हैं। श्री सिंह ने कहा कि अमरनाथ यात्रा करने से भी यात्रियों को रोका गया। यह उनके साथ अन्याय है।
03:15 PM Aug 04, 2019 IST | Shera Rajput
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आज कहा कि जम्मू कश्मीर में आपातकाल जैसे हालात बनाए जा रहे हैं।
Advertisement
राज्य के विदिशा में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए श्री सिंह ने पत्रकारों से कहा कि अमरनाथ यात्रा करने से भी यात्रियों को रोका गया। यह उनके साथ अन्याय है। कश्मीर में इतना अधिक फोर्स क्यों भेजा जा रहा है। वहां के लोग दहशत में है। यह सब इमरजेंसी (आपातकाल) जैसे हालात लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में केन्द्र सरकार को स्पष्ट करना चाहिए।
कांग्रेस नेता ने कहा कि नोटबंदी के समय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि ऐसा करने से आतंकवाद रुकेगा, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।
इसके अलावा श्री सिंह ने विदिशा व्यापार महासंघ के स्थापना समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश में इन दिनों कर संबंधी मामलों को लेकर जो कसावट लाने के प्रयास हो रहे हैं, उससे‘टेक्स टेरेरिज्म’शब्द निकल रहा है। इसका एक ताजा उदाहरण कैफे कॉफी डे के मालिक द्वारा आत्महत्या करना है। उनके सुसाइड नोट में व्यवस्थाओं पर सवालिया निशान लगाया गया है।
श्री सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि केन्द्र सरकार ने आयकर विभाग, इंटेलीजेंस ब्यूरो (आईबी) और डायरेक्टरेट ऑफ इंफोर्समेंट (ईडी) के अधिकारियों को खुली छूट दे दी है, जो देश की अर्थव्यवस्था के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि देश की अर्थव्यवस्था में गिरावट आ रही है।
उन्होंने कहा कि जिसे रोजगार देना चाहिए, वह लोगों के रोजगार समेटने में लग गया है। ऐसे हालातों में देश में आने वाले समय में करोड़ लोग बेरोजगार हो जाएंगे।
Advertisement