मुंबई के पास अरब सागर में हादसा, ONGC के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान 3 कर्मचारियों सहित 4 की मौत
मुंबई के पास अरब सागर में ओएनजीसी (ONGC) के एक पवन हंस हेलिकॉप्टर की आपात लैंडिंग करनी पड़ी। इसमें दो पायलट सहित कुल नौ लोग सवार थे।घटनास्थल पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया…
06:39 PM Jun 28, 2022 IST | Desk Team
मुंबई के पास अरब सागर में ओएनजीसी (ONGC) के एक पवन हंस हेलिकॉप्टर की आपात लैंडिंग करनी पड़ी। इसमें दो पायलट सहित कुल नौ लोग सवार थे।घटनास्थल पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। ओएनजीसी के एक अफसर ने बताया कि हेलीकॉप्टर में सवार सभी नौ लोगों में पांच को जिंदा बचा लिया गया है। जानकारी मिलने पर तटरक्षक का जहाज घटनास्थल पर रवाना कर दिया गया। ओएनजीसी के मुताबिक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। वहीं पांच अन्य का इलाज चल रहा है।
Advertisement
फ्लोटर्स का उपयोग कर बाहर आए थे सवार
हेलीकॉप्टर में ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) के छह कर्मचारी सवार थे और एक शख्स कंपनी के साथ काम करने वाले ठेकेदार से संबंधित था। हेलीकॉप्टर को आपातकालीन हालत में उतरने के लिए फ्लोटर्स का उपयोग करना पड़ा, जो ऐसे तांबे से जुड़े होते हैं, जो कर्मचारियों और सामान को उतारने में मदद करते हैं। अभी यह साफ नहीं है कि किन परिस्थितियों में आपातकालीन लैंडिंग हुई है।
तेल और गैस का उत्पादन करता है ओएनजीसी
ओएनजीसी के अरब सागर में कई रिग और प्रतिष्ठान हैं, जिनका उपयोग समुद्र तल के नीचे स्थित भंडार से तेल और गैस का उत्पादन करने के लिए किया जाता है। हादसे के बाद रक्षा पीआरओ, मुंबई ने ट्वीट किया कि सभी नौ लोगों को बचा लिया गया है। चार लोगों को ओएसवी मालवीय 16 से, एक को सागर किरण तेल रिग की नाव से और दो-दो को भारतीय नौसेना एएलएच और सीकिंग हेलीकॉप्टरों के द्वारा बचाया गया।
Advertisement