
तिब्बत के निर्वासित धर्मगुरु दलाई लामा ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश में अपने निवास स्थान के पास एक सरकारी अस्पताल में कोविड-19 की पहली वैक्सीन लगवाई। डॉक्टरों ने इस आशय की जानकारी दी। वैक्सीन लगवाने के बाद 85 वर्षीय नोबेल शांति पुरस्कार विजेता दलाई लामा ने केंद्र और राज्य सरकारों को धर्मशाला के जोनल अस्पताल में कोविड वैक्सीन लेने की सुविधा के लिए धन्यवाद दिया।
तिब्बती प्रशासन ने दो महीने पहले कोरोना वैक्सीन लगवाने की प्रार्थना की थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने सरकार को प्रस्ताव भेजा था। विभाग के प्रस्ताव पर सरकार की मंजूरी मिलने के बाद आज सुबह क्षेत्रीय चिकित्सालय धर्मशाला में दलाई लामा को कोरोना टीकाकरण की पहली डोज दी गई। टीकाकरण के बाद दलाई लामा ने सभी लोगों को टीकाकरण करवाने का संदेश दिया। उन्होंने ने कहा कि कोरोना वैक्सीन बीमारी से लड़ने के लिए काफी कारगर है। सभी लोगों को यह इंजेक्शन लगाने के लिए आगे आना चाहिए।
कड़ी सुरक्षा के बीच दलाई लामा को उसके निवास स्थान से जोनल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां सुबह करीब 7:15 बजे उन्हें टीका लगाया गया। टीकाकरण के बाद कुछ समय के लिए उन्हें अस्पताल में ही आराम करने दिया। उसके बाद वह सीधे मैक्लोडगंज स्थित आवास स्थान के लिए रवाना हो गए।