उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने द्रौपदी मुर्मू को जीत दी शुभकामना, बिरसा मुंडा का भी किया जिक्र
उपमुख्यमंत्री रेणु देवी राजग की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के लिए पटना के होटल मौर्या में आयोजित समर्थन सभा में शामिल हुईं तथा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर भारतीय गणतंत्र का अगला राष्ट्रपति बनने की शुभकामना दी..
07:35 PM Jul 05, 2022 IST | Desk Team
पटना: उपमुख्यमंत्री रेणु देवी राजग की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के लिए पटना के होटल मौर्या में आयोजित समर्थन सभा में शामिल हुईं तथा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर भारतीय गणतंत्र का अगला राष्ट्रपति बनने की शुभकामना दी। इस सफल आयोजन के पश्चात रेणु देवी ने बिहार राजग के चारो घटक दल सहित राज्य के सभी लोक सभा एवं राज्य सभा सांसदों और विधायकों से राष्ट्रपति पद के आसन्न चुनाव में द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने की अपील की।
Advertisement
पिछड़े समाज अनुसूचित जन जाति समुदाय की महिला को राष्ट्रपति पद
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास एवं सबका प्रयास के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। इसलिए भारत के सबसे पिछड़े समाज अनुसूचित जन जाति समुदाय की महिला को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया गया है। द्रौपदी मुर्मू की राष्ट्रपति चुनाव में जीत को सुनिश्चित बताते हुए उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रबड़ स्टांप न होकर वे देश हित में संविधान सम्मत निर्णय लेने वाली ऐतिहासिक रूप से सफल राष्ट्रपति साबित होंगी। झारखंड में राज्यपाल के रूप में उनकी भूमिका की सर्वत्र सराहना हुई है।
बिरसा मुंडा का बलिदान देश कभी भूल नहीं सकता :रेणु देवी
एनडीए की राष्ट्रपति प्रत्याशी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के पटना आगमन पर उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने उनका स्वागत किया तथा कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी का महिलाओं, दलितों, पिछड़ों एवं जनजातीय समुदाय के प्रति लगाव का ही परिणाम है, द्रौपदी मुर्मू का देश के सर्वोच्च पद का प्रत्याशी बनना। रेणु देवी ने द्रौपदी मुर्मू के साथ पटना के हार्डिंग रोड स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए कहा कि देश की खातिर बिरसा मुंडा का बलिदान कभी भी भुलाया नहीं जा सकता।
द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति चुनाव में प्रत्याशी बनना निश्चित रूप से बिरसा मुंडा के अधूरे सपनों को पूरा करने का एक सफल प्रयास है। देश के स्वतंत्रता आंदोलन में आदिवासी समाज का संघर्ष एवं योगदान अत्यंत सराहनीय रहा है।
Advertisement