भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हुआ 'यास', पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लिए ‘रेड कोडेड’ चेतावनी अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक एम. महापात्र ने जानकारी दी है कि चक्रवात यास मंगलवार की शाम को भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया।
10:14 PM May 25, 2021 IST | Ujjwal Jain
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक एम. महापात्र ने जानकारी दी है कि चक्रवात यास मंगलवार की शाम को भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया। आईएमडी ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल के लिए ‘रेड कोडेड’ चेतावनी अलर्ट जारी किया है। महापात्र ने कहा, ‘‘उत्तर पश्चिम और बंगाल की खाड़ी में गंभीर चक्रवाती तूफान यास भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है।’’
Advertisement
यह उत्तर- उत्तर पश्चिम की तरफ मुड़ सकता है तथा इसकी तीव्रता और अधिक हो सकती है। यह बुधवार की सुबह तक उत्तर ओडिशा में धर्मा बंदरगाह के पास दस्तक दे सकता है।आईएमडी के चक्रवात चेतावनी विभाग ने कहा, ‘‘यह बुधवार की दोपहर उत्तर ओडिशा – पश्चिम बंगाल में पारादीप और सागर द्वीप के तटों के बीच धर्मा के नजदीक से भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में गुजर सकता है।’’ इसने बताया कि पारादीप में डोप्लर मौसम रडार से इसकी निगरानी की जा रही है।
चक्रवाती तूफान ‘यास’ के बुधवार सुबह ओडिशा के भद्रक जिले के धमरा बंदरगाह के पास दस्तक देने की आशंका है। इसके चलते पश्चिम बंगाल और ओडिशा सरकार ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जोखिम वाले क्षेत्रों से लाखों लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। पड़ोसी राज्य झारखंड ने भी अलर्ट जारी किया है और चक्रवात के प्रभाव के मद्देनजर तैयारी की जा रही है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि उनके प्रशासन ने नौ लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। वहीं, ओडिशा सरकार का कहना है कि उसने सुरक्षा को देखते हुए तटीय जिलों से दो लाख से अधिक लोगों को निकाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक डॉ मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि ‘यास’ के मंगलवार शाम तक बहुत भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने की और चांदबाली में सबसे ज्यादा नुकसान की आशंका है। उन्होंने कहा कि चक्रवात के दस्तक देने के छह घंटे पहले और बाद तक इसका गंभीर असर देखने को मिलेगा।
Advertisement