For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

Mizoram में पत्थर की खदान ढहने से 17 लोगों की मौत, कई लोग लापता

05:16 PM May 28, 2024 IST | Pannelal Gupta
mizoram में पत्थर की खदान ढहने से 17 लोगों की मौत  कई लोग लापता
Mizoram: मिजोरम के आइजोल जिले में पत्थर की एक खदान ढह जाने से 17 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग लापता हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

Highlights

  • Mizoram में पत्थर की खदान ढहने से 17 लोगों की मौत
  • शवों की तलाश अभी भी जारी
  • तूफान 'रेमल' के प्रभाव लगातार हो रही बारिश

Mizoram: पत्थर की खदान ढहने से 17 लोगों की मौत

Mizoram पुलिस के मुताबिक, चक्रवाती तूफान 'रेमल' के प्रभाव से लगातार हो रही बारिश के बीच इलाके में मंगलवार को सुबह यह हादसा हुआ। पुलिस ने बताया कि घटना आइजोल शहर के दक्षिणी, बाहरी हिस्से में स्थित मेल्थम और ह्लिमेन के बीच के इलाके में सुबह करीब छह बजे हुई। आइजोल की उपायुक्त नाजुक कुमार ने बताया कि अब तक 17 शवों को बरामद किया गया है जबकि कई अन्य लोग मलबे में फंसे हुए हैं। उन्होंने बताया, ''हम और शवों की तलाश कर रहे हैं। जब तक पूरे घटनास्थल को साफ नहीं कर दिया जाता, तब तक अभियान जारी रहेगा।''

Mizoram:बारिश के कारण राज्य में कई स्थानों पर भूस्खलन

पुलिस महानिदेशक अनिल शुक्ला ने बताया कि भारी बारिश के कारण घटनास्थल पर बचाव अभियान प्रभावित हो रहा है।'' उन्होंने बताया कि बारिश के कारण राज्य में कई स्थानों पर भूस्खलन भी हुआ है और कम से कम दो लोग पानी के तेज बहाव में बह गये। पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पत्थर की खदान ढहने से जान गंवाने वाले लोगों में चार वर्ष का एक लड़का और छह साल की लड़की भी शामिल है। उन्होंने बताया, ''हमने घटनास्थल से दो लोगों को जीवित बाहर निकाला है।''

CM लालदुहोमा ने चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की

एक अधिकारी ने बताया कि आइजोल के सेलम वेंग में भूस्खलन से एक इमारत ढह जाने के बाद तीन लोग लापता हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा कई अंतर-राज्य राजमार्ग भी भूस्खलन से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने खदान ढहने सहित बारिश के कारण हुई घटनाओं में मारे गए लोगों के परिवारों को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने खदान के ढहने की घटना में मारे गए मिजोरम के आठ लोगों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये के चेक सौंपे और कहा कि शेष राशि उन्हें जल्द ही दी जाएगी।

बारिश के कारण सभी स्कूल बंद कर दिए गए

राज्य सरकार में गृह मंत्री के. सपडांगा ने बताया, ''गैर-आदिवासी चार लोगों की पहचान सत्यापित की जा रही है। अगर वे मिजोरम के स्थायी निवासी पाये जाते हैं तो उन्हें अनुग्रह राशि दी जाएगी।" लालदुहोमा ने कहा कि सरकार ने चक्रवाती तूफान 'रेमल' के परिणामस्वरूप बारिश से उत्पन्न आपदाओं से निपटने के लिए 15 करोड़ रुपये निर्धारित किए हैं। लालदुहोमा ने सपडांगा के साथ स्थिति का जायजा लेने और बचाव कार्यों की निगरानी करने के लिए बाद में घटनास्थल का दौरा भी किया। बारिश के कारण सभी स्कूल बंद कर दिए गए और आवश्यक सेवाएं प्रदान करने वाले कर्मचारियों को छोड़कर सरकारी कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा गया है।

(शीर्षक को छोड़कर, यह कहानी पंजाब केसरी स्टाफ द्वारा संपादित नहीं की गई है और एक सिंडिकेटेड फ़ीड से प्रकाशित हुई है )

देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।

Advertisement
Advertisement
Author Image

Pannelal Gupta

View all posts

Advertisement
×