भारतीय फुटबॉल को बड़ा झटका: Aditi chauhan ने 32 साल की उम्र में लिया संन्यास, रच चुकी हैं कई इतिहास
भारतीय महिला फुटबॉल की सबसे बड़ी सितारों में से एक, गोलकीपर अदिति चौहान ने अचानक प्रोफेशनल फुटबॉल से संन्यास का ऐलान कर दिया है। 32 वर्षीय अदिति ने अपने इस फैसले से खेल जगत और फैंस को हैरानी में डाल दिया है। उन्होंने 57 इंटरनेशनल मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया और अपने करियर में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां दर्ज कीं।

अदिति चौहान भारतीय महिला फुटबॉल में एक ऐसा नाम हैं, जो लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। वो इंग्लैंड के वेस्ट हैम यूनाइटेड क्लब के लिए खेलने वाली पहली भारतीय महिला फुटबॉलर रहीं। उन्होंने 2015 में वेस्ट हैम यूनाइटेड से जुड़कर दुनियाभर में भारतीय फुटबॉल का परचम लहराया। भले ही उनका डेब्यू मैच कॉवेंट्री लेडीज के खिलाफ 5-0 की हार में बदला, लेकिन अदिति ने हार नहीं मानी और दो सीजन तक क्लब के लिए खेलती रहीं।

2018 की शुरुआत में अदिति भारत लौटीं और इंडिया रश एससी क्लब से जुड़ गईं। इसके बाद उन्होंने गोकुलम केरला एफसी के लिए इंडियन वीमेन लीग (IWL) में खेला और वहां भी अपनी छाप छोड़ी। उनके शानदार प्रदर्शन ने उन्हें घरेलू फुटबॉल की बड़ी स्टार बना दिया। अदिति ना सिर्फ एक बेहतरीन फुटबॉलर रही हैं, बल्कि उन्होंने पढ़ाई में भी कमाल किया है। लॉफबरो यूनिवर्सिटी (Loughborough University) से उन्होंने स्पोर्ट्स मैनेजमेंट में MSc की डिग्री हासिल की और वहां की फुटबॉल टीम की कप्तानी भी की। अदिति ने 2011 में भारतीय महिला फुटबॉल टीम के लिए डेब्यू किया था और अपने लंबे करियर में कई अहम टूर्नामेंट्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया। वे समय-समय पर टीम की कप्तानी भी कर चुकी हैं और मुश्किल मौकों पर टीम को संभालती रहीं।

Join Channel