दिल्ली में लुढ़का पारा, दक्षिण में तूफान 'दितवाह' का कहर; इन 5 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
Aaj Ka Mausam 01 Dec: चक्रवात ‘दितवाह’ श्रीलंका में भारी तबाही मचाने के बाद अब तेजी से भारत की और बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह तक यह वेदर सिस्टम बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिमी में, उत्तरी तमिलनाडु और पुडुचेरी के तट से करीब 20 किलोमीटर की दूरी पर होगा। इस चक्रवात के कारण तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में येलो अलर्ट जारी किया है। इन तटीय इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश, गरज और तेज हवाएं चलने की संभावना है। दिल्ली में रविवार को अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा। पहाड़ों में भी ठंड का प्रकोप बढ़ रहा है। आइए जानते हैं देशभर में आज कैसा रहेगा मौसम।
Aaj Ka Mausam 01 Dec: Delhi Weather
राजधानी दिल्ली में तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। 1 दिसंबर की सुबह भी लोगों को शीतलहर का सामना करना पड़ सकता है, जबकि दिनभर 20 से 25 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। दिसंबर के पहले दिन ही रात को पारा गिरकर 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। IMD के अनुसार, 5 दिसंबर तक शीतलहर चलने की संभावना कम है।
दिल्ली वालों को अब प्रदूषण से थोड़ी राहत मिली है, दिल्ली का ओवरऑल AQI 300 पहुंच गया है। आज दिल्ली के कुछ इलाकों में AQI 300 से नीचे भी दर्ज किया गया है, जहां ऑरेंज अलर्ट है। वहीं कुछ इलाके अभी भी रेड जोन में हैं, जहां 300 के पार ही AQI बना हुआ है।
| इलाका | AQI |
|---|---|
| रोहिणी | 341 |
| मुंडका | 282 |
| आनंद विहार | 325 |
| इंदिरापुरम | 279 |
| गाजियाबाद, वसुंधरा | 272 |
| अलीपुर | 285 |
| द्वारका | 317 |
| बवाना | 339 |
| आईटीओ | 310 |
| गुरुग्राम, सेक्टर-51 | 222 |
| जहांगीरपुरी | 321 |
| नोएडा सेक्टर-62 | 270 |
| बुराड़ी | 305 |
Uttar Pradesh Weather
उत्तर प्रदेश में भी तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, सोमवार से उत्तरी पछुआ हवाएं तेज होंगी और ठंड का असर और ज्यादा महसूस होगा। राज्य के प्रमुख शहर- लखनऊ, बरेली, कानपुर, इटावा, बाराबंकी और मुजफ्फरनगर में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। इन शहरों में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है, वहीं अधिकतम तापमान भी 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे कम रहने की संभावना है।
Uttarakhand Weather
उत्तराखंड में 1 दिसंबर से ठंड का प्रकोप और तेज होगा। मसूरी, नैनीताल, रुद्रप्रयाग और चमोली में सुबह-सुबह ठंडी हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं। पर्वतीय जिलों में तापमान में गिरावट के साथ बर्फीली हवा का असर और बढ़ सकता है। 5 दिसंबर को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जैसे पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।
Bihar Weather
बिहार में भी ठंड दिसंबर की शुरुआत में अपना असर गहराएगी। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दिसंबर के पहले सप्ताह से ही न्यूनतम तापमान तेजी से गिरेगा। फिलहाल, न्यूनतम पारा 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास है, जो आने वाले दिनों में 11 से 12 डिग्री के बीच पहुंच सकता है। सीमांचल और मिथिलांचल के कई इलाकों में शीतलहर बढ़ सकती है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में नवंबर की ठंड ने तोड़ा 5 साल का रिकॉर्ड, दक्षिण में तूफान का तांडव, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट