Top NewsIndiaWorld
Other States | Delhi NCRHaryanaUttar PradeshBiharRajasthanPunjabJammu & KashmirMadhya Pradeshuttarakhand
Business
Sports | CricketOther Games
Bollywood KesariHoroscopeHealth & LifestyleViral NewsTech & AutoGadgetsvastu-tipsExplainer
Advertisement

दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री राजकुमार आनंद के इस्तीफा को AAP ने बताया तोड़फोड़ की राजनीति

12:18 AM Apr 11, 2024 IST | Shera Rajput

दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री राजकुमार आनंद के इस्तीफा को आम आदमी पार्टी ने तोड़फोड़ की राजनीति बताया है।
दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दलित समाज से आने वाले एक विधायक और मंत्री को डराया गया है। केजरीवाल की गिरफ्तारी का मकसद आम आदमी पार्टी को तोड़ना और दिल्ली व पंजाब की सरकारों को गिराना है।
राजकुमार आनंद डर गए - सौरभ भारद्वाज
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि मुझे लगता है कि राजकुमार आनंद डर गए। उनके मन में डर आ गया कि उनको भी तिहाड़ जेल ले जाया जाएगा। राजकुमार आनंद विधानसभा चुनाव इसलिए जीते थे, क्योंकि वह आम आदमी पार्टी के टिकट पर लड़े थे। राजकुमार आनंद एक परिवारिक व्यक्ति हैं, उनका परिवार और बच्चे हैं। उन्हें डराया गया कि ईडी पकड़कर ले जाएगी और तिहाड़ में कई साल तक सड़ाया जाएगा। वह डर गए, वह हाल ही में पार्टी के कुछ साथियों से कह चुके थे कि जैसे ही थोड़ा एक्टिव होता हूं तो किसी का फोन आ जाता है।
हर कोई संजय सिंह नहीं होता - भारद्वाज
सौरभ भारद्वाज ने संजय सिंह, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और अरविंद केजरीवाल का उदाहरण देते हुए कहा कि हमें अपने इन नेताओं जैसा बहादुर बनना है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हर कोई संजय सिंह नहीं होता। सौरभ भारद्वाज ने अपने विधायकों के लिए कहा कि आपके सामने संजय सिंह का उदाहरण है। संजय सिंह 6 महीने जेल के अंदर रहकर आए हैं, लेकिन अब जब जेल से बाहर आए हैं तो शेर की तरह दहाड़ रहे हैं।
राजकुमार आनंद को ईडी का एक नोटिस मिला - संजय सिंह
वहीं आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि उन्‍हें पता चला है कि राजकुमार आनंद को ईडी का एक नोटिस मिला है। उन्‍हें 12 अप्रैल को ईडी के सामने पेश होने के लिए यह नोटिस दिया गया है। भाजपा ईडी और सीबीआई के इस्तेमाल से पार्टियों को तोड़ रही है। आज आम आदमी पार्टी के एक-एक नेता की परीक्षा भी है।
हमें मालूम है कि इस लड़ाई में कुछ लोग पीछे हट जाएंगे - संजय सिंह
संजय सिंह ने कहा कि हमें मालूम है कि इस लड़ाई में कुछ लोग पीछे हट जाएंगे तो वहीं कुछ लोग टूटेंगे, कहीं किसी का मनोबल भी कम होगा। इस पूरी कवायद का उद्देश्य आम आदमी पार्टी को तोड़ना है। राजकुमार आनंद के यहां 23 घंटे तक ईडी का छापा पड़ा था। भाजपा ने राजकुमार आनंद को भ्रष्ट बताया था। अब संभव है कि जल्दी ही राजकुमार आनंद भाजपा में शामिल हो जाएं और भाजपा के नेता उन्‍हें माला पहनाते हुए दिखाई दें।

Advertisement
Advertisement
Next Article