उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए आप ने जारी की 150 उम्मीदवारों की सूची, जानें किसे मिला टिकट
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर आम आदमी पार्टी ने 150 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इसकी जानकारी यूपी प्रभारी संजय सिंह ने दी।आप ने अपनी इस लिस्ट में पढ़े-लिखे उम्मीदवारों का खासा ख्याल रखा
07:55 PM Jan 16, 2022 IST | Desk Team
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर आम आदमी पार्टी ने 150 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इसकी जानकारी यूपी प्रभारी संजय सिंह ने दी।आप ने अपनी इस लिस्ट में पढ़े-लिखे उम्मीदवारों का खासा ख्याल रखा है। इसमें MBA पास 8 उम्मीदवार, 38 उम्मीदवार पीजी किए हुए हैं, जबकि 4 उम्मीदवार डॉक्टर हैं। वहीं, पीएचडी पास 8 उम्मीदवार, इंजीनियर 7 प्रत्याशी, बीएड 8, ग्रेजुएशन किए 39 उम्मीदवार और 6 उम्मीदवार डिप्लोमा किए हुए है।
Advertisement
वहीं, शिक्षा के साथ-साथ आम आदमी पार्टी ने अपनी इस 150 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में जातिगत समीकरणों का भी बखूबी ध्यान रखा है। इसमें 55 उम्मीदवार पिछड़ा वर्ग से हैं। वहीं, ब्राह्मणों को भी आम आदमी पार्टी (AAP) ने बढ़-चढ़ टिकट दिया है। आप ने 36 ब्राह्मणों को आम आदमी पार्टी का टिकट दिया है। आप सांसद संजय सिंह लगातार ब्राह्मणों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं। वहीं, आप की इस लिस्ट में 31 उम्मीदवार अनुसूचित जाति से ताल्लुख रखते हैं। वहीं, 14 मुस्लिम प्रत्याशियों को टिकट दिया है, 6 कायस्थ, 7 उम्मीदवार व्यापारी वर्ग से आते है।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव का ऐलान चुनाव आयोग ने 8 जनवरी को किया। 403 सीटों वाली 18वीं विधानसभा के लिए 10 फरवरी से 7 मार्च तक सात चरणों में वोट पड़ेंगे। 10 मार्च को चुनाव के नतीजे आएंगे। यूपी में सात चरणों के तहत 10 फरवरी, 14 फरवरी, 20 फरवरी, 23 फरवरी, 27 फरवरी, 3 मार्च और 7 मार्च को मतदान होगा।
10 फरवरी को पहले चरण में पश्चिम यूपी के 11 जिलों की 58 सीटों पर, दूसरा चरण 14 फरवरी को 9 जिलों की 55 सीटों पर, 20 फरवरी को तीसरे चरण में 16 जिलों की 59 सीटों पर मतदान होगा। चौथे चरण में मतदान 23 फरवरी को लखनऊ सहित 9 जिलों की 60 सीटों पर होगा। पांचवे चरण में 27 फरवरी को 11 जिलों की 60 सीटों पर, छठे चरण में 3 मार्च को 10 जिलों की 57 सीटों पर और सातवें और अंतिम चरण का मतदान 7 मार्च को 9 जिलों की 54 सीटों पर किया जाएगा। 17वीं विधानसभा का कार्यकाल 15 मई तक है।
Advertisement
17वीं विधानसभा के लिए 403 सीटों पर चुनाव 11 फरवरी से 8 मार्च 2017 तक 7 चरणों में हुए थे। उस चुनाव में बीजेपी ने 312 सीटें जीतकर पहली बार यूपी विधानसभा में तीन चौथाई बहुमत हासिल किया। अखिलेश यादव की अगुवाई में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन 54 सीटें जीत सका। इसके अलावा प्रदेश में कई बार मुख्यमंत्री रह चुकीं मायावती की बीएसपी 19 सीटों पर सिमट गई। इस बार सीधा मुकाबला समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच माना जा रहा है। भाजपा योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे को आगे कर चुनाव लड़ रही है।
Advertisement