लखनऊ समेत कई जिलों में कोहरे को लेकर अलर्ट जारी, सीजन की सबसे सर्द रात रही रविवार
लखनऊ में इस सीजन की सबसे सर्द रात रविवार को रही। रात का पारा 5.5 डिग्री रहा।
लखनऊ में इस सीजन की सबसे सर्द रात रविवार को रही। रात का पारा 5.5 डिग्री रहा। इस दौरान 5 से 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही थी। गलन की वजह से लोगों को काफी परेशानी हुई। शहर का ट्रैफिक बेहद स्लो रहा। मौसम विभाग ने सोमवार (16 दिसंबर) का अधिकतम तापमान 25 डिग्री रह सकता है। न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री से ज्यादा गिरावट दर्ज की जाएगी।
वहीं, लखनऊ और आसपास के जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी हुआ है। रविवार की सुबह में धुंध और कोहरा छाया रहा था। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बीते सोमवार से पुरवा हवा चल रही है, जिससे तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी। साथ ही कोहरा भी छाएगा। दो-तीन दिन बाद तापमान फिर गिरेगा।
जनवरी में शीतलहर की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार इस साल समय से पहले शीतलहर की शुरुआत हो गई है। ऐसे में सर्दी ज्यादा दिन रहेगी। जनवरी में भी राहत नहीं मिलेगी। उत्तर पश्चिम से आ रही पछुआ पहाड़ों से टकराते हुए उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में गलन बढ़ा रही। पछुआ हवा की रफ्तार थोड़ी कम हुई है। इस कारण एक-दो दिन तापमान बढ़ेगा। ऐसे में रात और दिन का तापमान एक से दो डिग्री ऊपर जा सकता है। साथ ही हवा की रफ्तार कम होने पर कोहरे की संभावना बढ़ गई
कितना AQI?
लखनऊ में सुबह में 6 मॉनिटरिंग स्टेशनों का औसत एक्यूआई 233 रहा। सबसे खराब स्थिति लालबाग की है, जहां एक्यूआई 273 दर्ज किया गया। अंबेडकर यूनिवर्सिटी के आसपास का एक्यूआई 248, गोमती नगर में 228, अलीगंज में 204, कुकरैल में 238, तालकटोरा में 209 दर्ज किया गया। इन जगहों पर स्थिति ऑरेंज जोन में रही।