Cyclone Asani : चक्रवात 'असानी' ने पकड़ी रफ्तार, आंध्र प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश
आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में तूफान के चलते तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी बारिश की संभावना जताई है।
10:03 AM May 10, 2022 IST | Desk Team
देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी के बीच बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती तूफान असानी 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा की ओर बढ़ रहा है। वहीं आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में तूफान के चलते तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी बारिश की संभावना जताई है।
Advertisement
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, चक्रवात असानी के 10 मई की रात तक उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने और उत्तरी आंध्र प्रदेश तथा ओडिशा के तटों से पश्चिम मध्य और इससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक पहुंचने की संभावना है। इसको लेकर राज्य सरकारों ने तमाम इंतजाम कर लिए हैं।
अगले 24 घंटों में तूफान के कमजोर होने की संभावना
मौसम विभाग की ओर से जारी की गई बुलेटिन में बताया गया है कि चक्रवात उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर मुड़ सकता है और ओडिशा तट के पास बंगाल की खाड़ी के उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ सकता है। वहीं, अगले 24 घंटों के दौरान इसके धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है। चक्रवात का असर ओडिशा के तटीय इलाके और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में दिखेगा।
चक्रवाती तूफान को लेकर ओडिशा, बंगाल, असम उत्तर-पूर्व में हाईअलर्ट जारी किया गया है। किसी भी विषम हालात से निपटने के लिए प्रभावित इलाकों में NDRF की 17 और ODRAF की 20 टीमें तैनात की गई है। वहीं इन राज्यों के तटीय इलाकों को खली करवाया जा रहा है।
Advertisement