For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

अलका लांबा ने रेखा गुप्ता को दी बधाई, 1995 की पुरानी यादगार तस्वीर साझा की

रेखा गुप्ता के सीएम बनने पर अलका लांबा ने की खुशी जाहिर

02:20 AM Feb 20, 2025 IST | IANS

रेखा गुप्ता के सीएम बनने पर अलका लांबा ने की खुशी जाहिर

अलका लांबा ने रेखा गुप्ता को दी बधाई  1995 की  पुरानी यादगार तस्वीर साझा की

रेखा गुप्ता को दिल्ली का मुख्यमंत्री चुने जाने पर कांग्रेस नेता अलका लांबा समेत तमाम नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। अलका लांबा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “1995 की यह यादगार तस्वीर, जब मैंने और रेखा गुप्ता ने एक साथ शपथ ग्रहण की थी। मैंने एनएसयूआई से दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की थी। रेखा गुप्ता ने एबीवीपी से महासचिव पद पर जीत हासिल की थी। रेखा गुप्ता को बधाई और शुभकामनाएं। दिल्ली को चौथी महिला मुख्यमंत्री मिलने पर बधाई और हम दिल्ली वाले उम्मीद करते हैं कि मां यमुना स्वच्छ होगी और बेटियां सुरक्षित रहेंगी।

नई दिल्ली से भाजपा विधायक प्रवेश वर्मा ने एक्स पर लिखा, “शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता को भाजपा दिल्ली के विधायक दल का नेता चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भाजपा की डबल इंजन की सरकार दिल्ली में प्रगति और विकास के आयाम स्थापित करेगी। भाजपा के लिए नारी सशक्तिकरण महज एक नारा नहीं बल्कि वह असल मायने में महिला सशक्तिकरण को पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित है। दिल्ली को महिला मुख्यमंत्री मिलना पीएम मोदी की नारी शक्ति के उत्थान और महिला सशक्तिकरण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में रेखा गुप्ता के नाम का ऐलान किया गया है। विधायक दल की बैठक में सतीश उपाध्याय और विजेंद्र गुप्ता ने रेखा गुप्ता के नाम का प्रस्ताव रखा, फिर सीएम के नाम का ऐलान किया गया। रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला सीएम होंगी। इससे पहले शीला दीक्षित, सुषमा स्वराज और आतिशी सीएम रह चुकी हैं। रेखा गुप्ता को सीएम चुने जाने पर भाजपा के तमाम नेताओं ने उन्हें बधाई दी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
×