पंचायत चुनाव में धांधली का आरोप लगा आज धरना देंगे कांग्रेसी
कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, कांग्रेस के विधायक, जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर धरना देंगे।
07:02 PM Oct 09, 2022 IST | Ujjwal Jain
Advertisement
हरिद्वार, संजय चौहान (पंजाब केसरी)ः कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, कांग्रेस के विधायक, जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर धरना देंगे। धरना सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला पंचायत में भाजपा का बोर्ड बनाने के लिए अनैतिक कार्य किए गए, इसके खिलाफ कांग्रेस विरोध प्रदर्शन करेंगे। यह बात विजय सारस्वत प्रेसवार्ता के दौरान कही।
Advertisement
रविवार को विजय सारस्वत के साथ क्षेत्रीय कांग्रेसी नेता प्रेस वार्ता करने पहुंचे। इस दौरान विजय सारस्वत ने कहा कि हरिद्वार जिला पंचायत चुनाव में आरक्षण नियम अनुसार होना चाहिए था। आरोप लगाया कि जिला पंचायत चुनाव में जीत के लिए मानकों की अवहेलना की गई है, चुनाव में संविधान की धज्जियां उड़ाई गई हैं। यह भी आरोप लगाया कि धनबल-बाहुबल का प्रयोग चुनाव के दौरान किया गया है, सरकारी तंत्र का भी दुरुपयोग चुनाव में हुआ है। जिला पंचायत चुनाव की गिनती तीन दिन चलती रही। आरोप लगाया कि मतगणना प्रभावित की गई। उन्होंने कहा कि जो चुनाव में धांधली के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, उन लोगों पर मुकदमे लगाए जा रहे हैं। इसलिए हमारी मांग है कि हाईकोर्ट के सीटिंग जज की अध्यक्षता में, निगरानी में या आयोग बना कर जिला पंचायत चुनाव में हुई धांधली की जांच की जाए। जिला पंचायत चुनाव में हुई धांधली के विरोध में कांग्रेसी सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर धरना देंगे। पूर्व पार्षद अमन गर्ग ने कहा कि हरिद्वार में जिला पंचायत चुनाव प्रभावित किए गए। जिला पंचायत सीट भी 47 से घटा कर 44 कर दी गई। हमने आरक्षण को माना और चुनाव लड़े। बावजूद इसके चुनाव में प्रशासनिक तंत्र का गलत उपयोग किया गया। चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की कोई सुनवाई नहीं की गई। इस कारण कांग्रेसी विरोध-प्रदर्शन करेंगे। जांच न होने तक विरोध जारी रहेगा। प्रेस वार्ता के दौरान मुरली मनोहर, राजेश रस्तोगी, राजीव भार्गव, सत्यनारायण शर्मा, सुभाष गई, अनिल भास्कर, राहुल चौधरी सहित कई कांग्रेसी पदाधिकारी शामिल हुए।
Advertisement
Advertisement

Join Channel