कांग्रेस पर अमित शाह का तीखा हमला, कहा-महत्व उसकी गारंटी का है जिसकी कोई इज्जत या आबरू हो
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों के प्रचार का आज अंतिम दिन है। प्रचार थमने से पहले बीजेपी अपने पूरे ज़ोरशोर के साथ मैदान में उतरी है।
03:24 PM Nov 10, 2022 IST | Desk Team
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों के प्रचार का आज अंतिम दिन है। प्रचार थमने से पहले बीजेपी अपने पूरे ज़ोरशोर के साथ मैदान में उतरी है। केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी नेता अमित शाह ने आज पालमपुर में रैली को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस के 10 गारंटी वादों को लेकर ज़ोरदार हमला बोला।
अमित शाह ने कहा कि मैं हिमाचल की माताओं को प्रणाम करता हूं। पूरे देश में अगर किसी ने सबसे ज़्यादा वीर सपूत सीमा पर भेजने का काम किया वह हिमाचल की वीरांगना माताओं ने किया है। सोमनाथ शर्मा, विक्रम बत्रा, संदीप कालीया अनेक वीर सपूत मां भारती के चरणों में समर्पित किए।
हिमाचल प्रदेश : चुनाव प्रचार का आज अंतिम दिन, पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरी BJP-कांग्रेस
उन्होंने कहा, वह (कांग्रेस) गारंटी बांटते फिरते हैं। उसकी गारंटी का महत्व है जिसकी कोई इज्जत या आबरू हो। जिन लोगों ने 10 साल में 12 लाख करोड़ रुपए के घपले, घोटाले, भ्रष्टाचार किए उनकी गारंटी को हिमाचल की चतुर जनता मानेगी? हिमाचल वाले कांक्रीट काम मानते हैं।
अमित शाह ने कहा, पहले किसी को विश्वास नहीं था कि (जम्मू-कश्मीर से) धारा 370 को हटाया जा सकता है। आज कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। हमने अपने चुनावी घोषणा पत्र में वादा किया है कि जैसे ही बीजेपी हिमाचल प्रदेश में सत्ता में आएगी, हम राज्य में ‘कॉमन सिविल कोड’ लागू करेंगे।
उन्होंने कहा, कांग्रेस ने सालों-साल तक राज किया लेकिन मंदिरों पर कभी ध्यान नहीं दिया। मोदी जी आए तो उन्होंने मंदिरों का पुनरुद्धार भी किया और उन्हें ऊर्जावान भी बनाया। कांग्रेस हमें ताना मारती थी कि वो मंदिर वहीं बनाएंगे लेकिन तिथि नहीं बताएंगे। मोदी जी ने आयोध्या में मंदिर बनवाना शुरू भी कर दिया और जल्द ही सभी देशवासी रामलला के दर्शन भी कर पाएंगे।
Advertisement
Advertisement

Join Channel