Bihar News : नीतीश के एक अहम सहयोगी का PM के बयान पर पलटवार, भाजपा को ‘भ्रष्ट जन पार्टी’ दिया करार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक प्रमुख राजनीतिक सहयोगी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ध्यान भाजपा के कई वर्तमान एवं पूर्व नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की ओर आकृष्ट किया।
12:16 AM Sep 03, 2022 IST | Shera Rajput
Advertisement
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक प्रमुख राजनीतिक सहयोगी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ध्यान भाजपा के कई वर्तमान एवं पूर्व नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की ओर आकृष्ट किया।
Advertisement
जनता दल यूनाईटड (जदयू) के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने मोदी के उस आरोप को खारिज करने के लिए ‘भ्रष्ट जन पार्टी’ शब्दावली दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा की विपक्षी पार्टियां ‘भ्रष्ट (नेताओं) को बचाने’’ के लिए एकजुट हुई हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले कार्यकाल में केंद्रीय मंत्री रहे कुशवाहा ने कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा , नारायण राणे, भाजप से फिर तृणमूल कांग्रेस में लौट गये मुकुल राय, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा आदि के नाम लिये।
कुशवाहा ने कहा कि मुकुल राय शारदा चिटफंड घोटाले में आरोपी रहे, येदियुरप्पा के विरुद्ध भ्रष्टाचार के आरोप लगे, नारायण राणे का नाम आदर्श हाउसिंग सोसायटी घोटाले में आया और असम में पीडब्ल्यूडी घोटाले में शर्मा के खिलाफ भाजपा ने ही आरोप लगाये थे।
Advertisement
Advertisement