अतुल सुभाष की मां पहुंची सुप्रीम कोर्ट, पोते की कस्टडी मांगी
एआई इंजीनियर अतुल सुभाष की मां ने अब सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
एआई इंजीनियर अतुल सुभाष की मां ने अब सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने चार वर्षीय पोते की कस्टडी के लिए केस दर्ज कराया है। बता दें, सुभाष ने पत्नी और ससुराल वालों पर उत्पीड़न और झूठे आरोप लगाने वाले वीडियो और लिखित नोट छोड़ने के बाद आत्महत्या की थी।
अतुल की मां अंजू मोदी ने पोते की कस्टडी सुरक्षित करने के लिए याचिका दायर की है। इसमें दावा किया है कि न तो सुभाष की पत्नी निकिता सिंघानिया और न उनके परिवार के सदस्यों ने बच्चे का ठिकाना बताया है।
फरीदाबाद के बोर्डिंग स्कूल में पढ़ रहा बेटा: निकिता
गौरतलब है कि निकिता ने पुलिस को बताया है कि बेटा फरीदाबाद स्थित एक बोर्डिंग स्कूल में पढ़ रहा है। वह उसके चाचा सुशील सिंघानिया की कस्टडी में है। हालांकि, सुशील ने बच्चे के स्थान के बारे में किसी जानकारी से इनकार किया है।
7 जनवरी को होगी सुनवाई
न्यायमूर्ति बीवी नागरत्ना एवं न्यायमूर्ति एन कोटिश्वर सिंह ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा, कर्नाटक सरकारों को स्थिति स्पष्ट करने के लिए नोटिस जारी किए हैं। मामले में अगली सुनवाई 7 जनवरी को होनी है। सुभाष की आत्महत्या मामले में कई लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। निकिता की गिरफ्तारी 16 दिसंबर को उनकी मां निशा सिंघानिया, भाई अनुराग सिंघानिया के साथ हुई थी। कर्नाटक पुलिस ने सुभाष के सुसाइड नोट और वीडियो के सबूतों का हवाला देते हुए तीनों पर आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में गिरफ्तार किया है।
बच्चे को खोजने में परेशानी पैदा की: अंजू
याचिका के अनुसार अंजू का कहना है कि सिंघानिया परिवार ने बच्चे को खोजने में परेशानी पैदा की है। सुभाष के पिता पवन कुमार ने भी पोते की कस्टडी की मांग की है। उनका कहना है कि पोते को देने से सिंघानिया परिवार इनकार कर रहा है।