बांसुरी स्वराज ने बांटे 45 लैपटॉप, विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र, कहा- अनुशासन और परिश्रम ही है डिजिटल युग की कुंजी
Bansuri Swaraj Laptop Distribution: मेधावी विद्यार्थियों के उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन को सम्मानित करने के लिए दिल्ली छावनी परिषद द्वारा बुधवार को एक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा, परिश्रम एवं उपलब्धियों को पहचान देना तथा उन्हें भविष्य में और अधिक उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना था। समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं गणमान्य अतिथियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नई दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, समर्पण एवं निरंतर परिश्रम अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्यों के प्रति केंद्रित रहने, सकारात्मक सोच अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
आत्मविश्वास एवं सतत प्रयास ही सफलता की कुंजी
दिल्ली छावनी परिषद के सदस्य राजेश गोयल ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास एवं सतत प्रयास ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि सीबी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं के विकास हेतु परिषद निरंतर प्रभावी कदम उठाती रहेगी, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर अवसर एवं उज्ज्वल भविष्य प्राप्त हो सके। इस अवसर पर दिल्ली छावनी परिषद के अंतर्गत संचालित 07 सीबी स्कूलों के 39 मेधावी विद्यार्थियों तथा दिल्ली छावनी आईटीआई केंद्र के 06 प्रशिक्षुओं को कक्षा दसवीं-बारहवीं एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने एवं डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कुल 45 लैपटॉप भी वितरित किए गए।
आधुनिक कंप्यूटर एवं विज्ञान प्रयोगशालाओं की स्थापना
दिल्ली छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी रोबिन बलेजा ने बांसुरी स्वराज , ब्रिगेडियर पी के मिश्रा, अध्यक्ष दिल्ली छावनी परिषद तथा सदस्य राजेश गोयल, दिल्ली छावनी परिषद के सतत सहयोग एवं मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने परिषद की भावी योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए बताया कि शेष सीबी स्कूलों में आधुनिक कंप्यूटर एवं विज्ञान प्रयोगशालाओं की स्थापना की जाएगी। साथ ही मध्याह्न भोजन योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए पौष्टिक नाश्ते की व्यवस्था प्रारंभ करने तथा पी वी संधू स्टेडियम में शूटिंग, तीरंदाजी एवं कुश्ती जैसी इनडोर खेल सुविधाओं के विकास की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को और अधिक प्रोत्साहन मिल सके। यह समारोह विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा एवं उत्साह का प्रतीक बना। कार्यक्रम में सम्मानित सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी गई तथा उनके उज्ज्वल, सफल एवं प्रेरणादायी भविष्य की कामना की गई।

Join Channel