बरेली में कांग्रेस की मैराथन में भगदड़, कई छात्राएं घायल, पार्टी नेता ने कहा- जब वैष्णो देवी में सकता है तो.....
बरेली में कांग्रेस की और से मैराथन रेस का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राओं ने हिस्सा लिया। मैराथन के दौरान भीड़ ज्यादा होने के कारण भगदड़ जैसे हालत बन गए, जिसमें कई छात्राएं घायल हो गईं।
02:19 PM Jan 04, 2022 IST | Desk Team
उत्तर प्रदेश के बरेली में कांग्रेस की और से मैराथन रेस का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में छात्राओं ने भी हिस्सा लिया। मैराथन के दौरान भीड़ ज्यादा होने के कारण भगदड़ जैसे हालत बन गए, जिसमें कई छात्राएं घायल हो गईं। वहीं घटना पर पार्टी नेता और पूर्व मेयर सुप्रिया एरन ने विवादित बयान दिया।
Advertisement
दरअसल, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी की ओर से दिए गए नारे मैं लड़की हूं लड़ सकती हूं के अंतर्गत इस मैराथन का आयोजन किया गया था। लेकिन जैसे ही मैराथन शुरू हुई कुछ छात्राएं गिर गई, और भगदड़ मच गई, जिसमें कुछ छात्राएं मामूली रूप से घायल हो गईं।
वहीं भगदड़ को लेकर पूर्व मेयर सुप्रिया एरन ने बेतुका बयान देते हुए कहा कि जब वैष्णो देवी में भगदड़ मच सकती है तो यहां क्यों नहीं। इसके साथ ही उन्होंने इस भगदड़ के पीछे किसी की साजिश होने की भी बात कही। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अशोक सिंह ने बताया, “मैराथन में कुछ लड़कियां घायल हो गई हैं, और हम आगे के विवरण की प्रतीक्षा कर रहे हैं।”
यूपी की बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए सिंह ने कहा, “यह बीजेपी सरकार द्वारा रची गई साजिश थी। स्थानीय जिला प्रशासन को पता था कि मैराथन हो रही है, लेकिन उन्होंने सहयोग नहीं किया।” उन्होंने कहा कि यह स्थिति “स्थानीय प्रशासन की ओर से ढिलाई का नतीजा” है। उन्होंने कहा, “सुरक्षा की दृष्टि से जिला प्रशासन ने सहयोग नहीं किया और पूरी घटना में भाजपा की साजिश नजर आ रही है।”
Advertisement