अक्टूबर या नवंबर, कब होंगे बिहार चुनाव? निर्वाचन आयोग ने दिया बड़ा अपडेट
Bihar Assembly Elections 2025: साल 2025 बिहार के लिए बेहद अहम है। इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। सबसे बड़ी दुविधा यह है कि चुनाव कब होंगे? अक्टूबर या नवंबर में। त्योहारों का मौसम शुरू हो चुका है। आज से नवरात्रि शुरू हो रही है, उसके बाद दिवाली और छठ पूजा। इस बीच, चर्चा है कि चुनाव आयोग त्योहारों के मौसम के बाद ही चुनाव की तारीखों पर विचार करेगा। हालांकि, चुनाव आयोग का 30 सितंबर, 2025 को बिहार आने का कार्यक्रम है। इससे राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई हैं। माना जा रहा है कि चुनाव आयोग जल्द ही तारीखों का ऐलान कर सकता है।
Bihar Elections: जल्द होगा तारीखों का ऐलान

बता दें कि चुनाव आयोग बिहार में चुनाव की तारीखों के साथ-साथ दूसरे राज्यों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की भी घोषणा कर सकती है। आयोग ने सभी प्रदेशों के मुख्य चुनाव अधिकारियों को 30 सितंबर तक विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़ी तैयारियों को खत्म करने के लिए कहा है। यह भी चर्चा हो रही है कि अक्टूबर के पहले या दूसरे सप्ताह में चुनाव के तारीखों की घोषणा हो सकती है। चुनाव आयोग ने जानकारी दी है कि 30 सितंबर को बिहार में SIR की फाइनल मतदाता सूची जारी कर दी जाएगी।
Bihar Election Dates 2025: लास्ट चुनाव 2020 में कैसा रहा परिणाम?
बता दें कि बिहार चुनाव 2020 में सभी 243 सीटों पर चुनाव हुए थे। इस चुनाव में NDA को बहुमत मिला था, लेकिन मौजूदा समय में राजनीतिक समीकरण बदले हुए हैं। NDA के पास कुल 132 विधानसभा सीटें हैं, तो बीजेपी की 78, JDU की 45 सीटें, जीतन राम मांझी यानी HAM को चार सीटें हैं। वहीं महागठबंधन के पास 110 सीटें हैं, जिसमें RJD के पास 75, कांग्रेस की 19 तो वाम दलों की 16 सीटें शामिल हैं। हालंकि, 2025 का विधानसभा चुनाव कई मायनों में महत्वपूर्ण है, क्योंकि इस चुनाव में कई राजनीतिक दल चुनाव लड़ रहे हैं।
Bihar Assembly Elections 2025: कितने दल चुनावी मैदान में हैं?

बिहार में चुनाव दर की बात करें तो पिछले 10 से 15 सालों में राजनीतिक दलों की संख्या तो लगातार बढ़ रही है। लेकिन सत्ता में जगह कुछ ही दलों को मिली है। इस दौरान सियासी दलों की संख्या चार गुना बढ़ी है। मगर, इनमें से भी 90 फीसदी से अधिक दलों की झोली खाली ही रह जा रही है। बिहार में अक्टूबर 2005 में हुए विधानसभा चुनाव में 58 दलों ने अपनी किस्मत आजमाई थी।
लेकिन 46 दलों को एक भी सीट पर जीत नहीं मिल सकी। 2010 में यह संख्या बढ़कर 90 पहुंची तो 2015 में 156 पहुंच गई। 2020 में 211 दलों ने चुनावी मैदान में किस्मत आजमाने के लिए आगे आई, लेकिन 199 पार्टियों को एक भी सीट नहीं मिल पाई। अब ऐसे में देखना यह होगा कि 2025 विधानसभा चुनाव में कितनी राजनीतिक पार्टियां चुनावी मैदान में अपना किस्मत आजमाएंगी।
ये भी पढ़ें:कन्हैया कुमार ने बिहार सरकार पर साधा निशाना, कहा- बेरोजगारी और निराशा की मार झेल रहे युवा