बिहार : चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री पर कसा तंज़, कहा- CM बने रहने की जोड़तोड़ में लगे हैं नितीश कुमार
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने सोमवार को बिहार में तीव्र राजनीतिक उथल-पुथल के बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा राजनीतिक हमला किया।
02:43 PM Aug 08, 2022 IST | Desk Team
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने सोमवार को बिहार में तीव्र राजनीतिक उथल-पुथल के बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा राजनीतिक हमला किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद से ही नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने रहने के लिए जोड़-तोड़ में लगे हैं ।
Advertisement
बिहार की चिंता और जनता के मुद्दे की चिंता नहीं
पटना में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज बिहार की जनता को इससे कोई मतलब नहीं कि कौन सरकार बनाए या नही बनाए। बाढ़, सूखा की कोई चर्चा नहीं हो रही है। चिराग ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुख्यमंत्री रहते हैं या नहीं जनता को इससे कोई मतलब नहीं है। बिहार में मुख्यमंत्री बने रहेंगे, राष्ट्रपति बनेंगे, उपराष्ट्रपति बनेंगे सिर्फ इसकी चर्चा हो रही है। बिहार की चिंता और जनता के मुद्दे की चिंता नहीं है।
जनता ने चिराग मॉडल का किया समर्थन
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने जब मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी तब से इसी पर काम करेंगे कि वह मुख्यमंत्री कैसे बने रहेंगे। उन्होंने ‘ चिराग मॉडल’ का जिक्र करते हुए कहा कि यह मॉडल विकास का है। बिहार की 32 लाख जनता ने चिराग मॉडल का समर्थन किया है।
जदयू तो अब यूनाइटेड रहा नहीं लेकिन……
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का क्या मॉडल है, वो बताएं। अपराध को चरम पर ले जाना, बेरोजगारी को चरम पर ले जाना, क्या यही विकास है? जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि जदयू तो अब यूनाइटेड रहा नहीं लेकिन वे कहते हैं कि पानी में चलने वाला जहाज दौड़ेगा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने सबको ठगा है। कभी जंगलराज का डर दिखाकर कभी भ्रष्टाचार की बात कर।
Advertisement