क्या हर घर सरकारी नौकरी का वादा लाएगा रंग या नीतीश जीतेंगे जंग? आज बिहार में किसके सिर सजेगा ताज !
Bihar Election 2025 Results Live: बिहार के लिए आज का दिन बेहद ख़ास है। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को दो चरणों में मतदान हुआ। पहले फेज के लिए 6 नवंबर 2025 को मतदान हुआ तो दूसरे फेज के लिए 11 नवंबर 2025 को मतदान संपन्न हुए। अब लोगों की निगाहें चुनावी परिणाम पर टिकी है। आज सुबह 8 बजे से काउंटिंग शुरू होगी। पहले रुझान सुबह 8 बजे आने की संभावना है, और दोपहर तक तस्वीर लगभग साफ़ हो जाएगी। इस बार पोस्टल बैलेट की गिनती का तरीका बदल गया है, जिससे आखिरी दो राउंड की गिनती से पहले पोस्टल वोट शामिल किए जाएंगे। सभी रिजल्ट शाम तक घोषित किए जाने की संभावना है।
Bihar Election 2025 Results Live: 2025 में मतदान के टूटे सारे रिकॉर्ड
इस बार राज्य में कुल 66.91% मतदान दर्ज किया गया, जिसमें पुरुष मतदाताओं की भागीदारी 62.8% और महिला मतदाताओं की 71.6% रही। चुनाव आयोग के अनुसार, यह 1951 के बाद का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है। दो चरणों में संपन्न हुए इस चुनाव में 8.5 लाख से अधिक पोलिंग कर्मियों, 2,616 उम्मीदवारों द्वारा नियुक्त 1.4 लाख से ज्यादा पोलिंग एजेंटों, 243 जनरल ऑब्ज़र्वरों और 38 पुलिस ऑब्ज़र्वरों ने भाग लिया।
Tejashvi Yadav: महागठबंधन की घोषणा पत्र में क्या-क्या?
इस बिहार चुनाव के लिए महागठबंधन ने अपने घोषणापत्र में जनता से कई बड़े वादे किए हैं। तेजस्वी यादव की अगुवाई वाली महागठबंध की तरफ से जारी घोषणापत्र का नाम ‘बिहार का तेजस्वी प्रण’ दिया। इसमें राज्य के हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने, पुरानी पेंशन योजना को लागू करने और मुफ्त बिजली देने जैसे वादे किए गए हैं. इस दौरान महागठबंधन के सीएम कैंडिडेट तेजस्वी यादव ने कहा कि हमें केवल सरकार नहीं बनानी है, बल्कि बिहार को बनाना है.
घोषणापत्र में वक्फ संशोधन विधेयक पर रोक लगाने का भी वादा किया गया है। हालाँकि, संसद और राष्ट्रपति से मंज़ूरी मिलने के बाद, यह अब कानून बन गया है। महागठबंधन प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए परीक्षा शुल्क समाप्त करने और महिला महाविद्यालय खोलने का भी वादा करता है। घोषणापत्र में जनसंख्या के अनुपात में आरक्षण की सीमा को 50 प्रतिशत बढ़ाने की भी बात कही गई है।
Nitish Kumar: NDA की घोषणा पत्र में जनता के लिए क्या है ख़ास?
NDA की घोषणा पत्र में रोज़गार सृजन, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण और किसानों को वित्तीय सहायता पर ज़ोर दिया गया है। बिहार में एक करोड़ से ज़्यादा लोगों को रोज़गार के अवसर प्रदान करने और एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का भी वादा किया गया है। घोषणापत्र में कृषि अवसंरचना में ₹1 लाख करोड़ के निवेश का भी आह्वान किया गया है।
एनडीए ने 7 एक्सप्रेसवे बनाने और 3,600 किलोमीटर रेलवे लाइनों के आधुनिकीकरण का भी वादा किया है। राज्य में औद्योगिक विकास के लिए ₹1 लाख करोड़ के निवेश की भी घोषणा की गई है। राज्य के हर ज़िले में आधुनिक विनिर्माण इकाइयां और 10 नए औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएंगे। राज्य के गरीबों के कल्याण के लिए 125 यूनिट मुफ़्त बिजली और ₹5 लाख तक की किफायती स्वास्थ्य सेवा देने का भी वादा किया गया है।
Prashant Kishore: जन सुराज के घोषणा पत्र में क्या-क्या?
नया राजनीतिक मॉडल - जनता के सुझावों और जनभागीदारी से सरकार चलाने का ऐलान। सुशासन की नई परिभाषा - भ्रष्टाचार उन्मूलन और शासन में पारदर्शिता लागू करने पर ज़ोर। शिक्षा क्रांति - निजी स्कूलों की तुलना में सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने का वादा। रोज़गार गारंटी - हर परिवार के एक सदस्य को रोज़गार या आजीविका सहायता। स्वास्थ्य सुधार योजना - हर पंचायत में क्लिनिक और हर ज़िले में सुपर-स्पेशलिटी अस्पताल। किसानों के अधिकार - न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी, कृषि आधारित उद्योगों का विकास। महिला सशक्तिकरण - शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक स्वतंत्रता पर विशेष ध्यान। स्वच्छ प्रशासन - जाति और धर्म की राजनीति से ऊपर उठकर विकास आधारित राजनीति का लक्ष्य। नेतृत्व में युवाओं की भागीदारी - राजनीति में योग्यता आधारित चयन की व्यवस्था। सतत विकास, उद्योग के विस्तार, शिक्षा, खेल, ग्रामीण विकास और डिजिटल अर्थव्यवस्था पर ध्यान।
Bihar Election 2025: बिहार 243 सीटों पर दो चरणों में हुआ मतदान
बता दें, कि बिहार में पहले चरण के चुनाव में कुल 121 सीटों पर चुनाव हुआ था, वही दूसरे चरण में कुल 122 सीटों पट मतदान हुआ था। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को हुआ था वहीं दूसरा चरण 11 नवंबर को खत्म हुआ था।
Bihar Chunav Result 2025: ऐसे देखें काउंटिंग का लाइव अपडेट
पंजाब केसरी की वेबसाइट पर आज सुबह 7 बजे से लाइव कवरेज देख सकते हैं। हम आपके लिए चुनावों के नतीजों के साथ समय-समय पर नतीजों का एनालिसिस भी करते रहेंगे, जिससे आपको नतीजों के पीछे का कारण समझने में मदद मिलेगी। इसके अलावा चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://results.eci.gov.in/ पर भी विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे मिनट-दर-मिनट अपडेट किए जाएंगे। यहां हर सीट का सटीक और आधिकारिक परिणाम उपलब्ध होगा। चुनाव आयोग की वेबसाइट उन लोगों के लिए सबसे अच्छा विकल्प है, जो बिना किसी विलंब के सटीक नतीजे देखना चाहते हैं।