Bihar News : मुजफ्फरपुर जिले की 18 पंचायतों के सैकड़ों घरों में घुसा बाढ़ का पानी, नाव का सहारा ले रहें लोग
Bihar News : बागमती नदी में जलस्तर में तेजी से वृद्धि के कारण बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की 18 पंचायतों के सैकड़ों घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। इस कारण उन पंचायतों के लाखों लोगों का ब्लॉक मुख्यालय और जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है, जिससे काफी परेशानी हो रही है। पीपापुल के दोनों तरफ भी पानी बढ़ गया है। उन इलाकों के कई स्कूलों में बाढ़ का पानी भर गया है, जिससे सैकड़ों बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है।
Highlight :
- मुजफ्फरपुर जिले की 18 पंचायतों के सैकड़ों घरों में घुसा बाढ़ का पानी
- जरूरी कार्यों के लिए नाव का सहारा ले रहें लोग
- उन इलाकों के कई स्कूलों में भरा बाढ़ का पानी
सैकड़ों घरों में घुसा बाढ़ का पानी
बररी और बसघट्टा पंचायत में भी सैकड़ों से अधिक घरों में पानी घुस गया है। वहीं, गंगिया से बकुची चौक तक पश्चिमी बागमती नदी के पुराने तटबंध पर तेजी से भूमि कटाव हो रहा है। बाढ़ प्रभावित एक ग्रामीण ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा, हम पानी में खाना बना रहे हैं, बच्चे भूखे मर रहे हैं, घर में पानी भरा हुआ है, सांपों से डर लगता है, लेकिन हमारे पास कोई विकल्प नहीं है। प्रशासन की ओर से कोई भी व्यक्ति यहां नहीं आया है।
जरूरी कार्यों के लिए नाव का सहारा ले रहें लोग
एक अन्य ग्रामीण ने कहा, चार दिनों से बाढ़ का पानी हमारे घर में घुसा हुआ है। हमारा चूल्हा डूब गया है, किसी तरह हम बच्चों की भूख मिटाने के लिए खाना बना रहे हैं। बाढ़ के दौरान हर साल यही स्थिति होती है। कटरा अंचलाधिकारी मधुमिता कुमारी ने कहा, हमें सूचना मिली है कि बागमती नदी का जलस्तर बढ़ गया है। जिला प्रशासन ने हमें पंचायतों पर नजर रखने का निर्देश दिया है। हमने तीन पंचायतों का जायजा लिया है और पांच नावों की व्यवस्था की है।
प्रभावित लोगों की सूची तैयार करने का निर्देश
बता दें कि, जल विभाग के अधिकारियों को भी प्रभावित लोगों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया है। बाढ़ को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। कटान की सूचना मिलने के बाद बांध की मरम्मत के निर्देश भी दिए गए हैं।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।

Join Channel