W3Schools
Advertisement

बिहार में सड़क किनारे आर्केस्ट्रा देखना पड़ा भारी, लोगों को रौंदती चली गई बस, 5 की दर्दनाक मौत

Bihar Road Accident: बिहार के पश्चिमी चंपारण में तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में घुस गई। हादसे में पांच लोगों की मौत और कई लोग घायल हुए हैं। कार्यक्रम बच्चे के छठियार के मौके पर आयोजित था। मृतकों में बच्चे के पिता भी शामिल हैं। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
10:26 AM Aug 22, 2026 IST | Amit Kumar
Bihar Road Accident: बिहार के पश्चिमी चंपारण में तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में घुस गई। हादसे में पांच लोगों की मौत और कई लोग घायल हुए हैं। कार्यक्रम बच्चे के छठियार के मौके पर आयोजित था। मृतकों में बच्चे के पिता भी शामिल हैं। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
बिहार में  सड़क किनारे आर्केस्ट्रा देखना पड़ा भारी  लोगों को रौंदती चली गई बस  5 की दर्दनाक मौत
Bihar Road Accident(credit social media)

Bihar Road Accident: बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। दरअसल  लौरिया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार यात्री बस अचानक बैलेंस खोते हुए  सड़क किनारे चल रहे आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी। हादसे में 5 लोगों के मरने की खबर सामने आई है, जबकि कई लोग घायल  हो गए हैं।  घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।  यह हादसा बेतिया-लौरिया मेन  मार्ग पर पराउ टोला बनकटवा के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बनकटवा निवासी शत्रुघ्न दुबे के घर बच्चे के छठियार का कार्यक्रम  चल रहा था।

Advertisement

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इसी दौरान सड़क के किनारे आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग वहां मौजूद थे। इसी बीच गोरखपुर की ओर से बेतिया जा रही एक यात्री बस सामने से आ रहे ट्रक के पास पहुंची। बताया जा रहा है कि दोनों गाड़ियों  के बीच टक्कर से बचने की कोशिश में बस ड्राइवर  ने नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस सड़क किनारे कार्यक्रम की ओर चली गई और वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।

Advertisement

अचानक मची चीख-पुकार

बस के भीड़ में घुसते ही मौके पर चीख-पुकार शुरू हो गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मृतकों के परिजनों के अनुसार हादसे में 5 लोगों की जान गई है। मृतकों की पहचान बनकटवा निवासी बहादुर महतो, संजय कुमार, भोला दुबे, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में बताई गई है। हालांकि, पुलिस की ओर से खबर लिखे जाने तक 5 मौतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।

Advertisement

इस हादसे में सबसे ज्यादा दुखद बात यह रही कि मृतकों में देवेंद्र दुबे भी शामिल बताए जा रहे हैं। उनके घर में ही बच्चे के छठियार का कार्यक्रम चल रहा था। परिवार और गांव के लोग बच्चे के जन्म की खुशी मना रहे थे, लेकिन कुछ ही देर में वही घर मातम में बदल गया। बताया जा रहा है कि देवेंद्र दुबे के बच्चे की उम्र महज छह दिन है। हादसे में पिता की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। खुशी के मौके पर हुए इस हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

हादसे की सूचना मिलते ही लौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए बेतिया जीएमसीएच भेजा गया। घायलों में विनय कुमार यादव, श्याम बाबू, मोती चंद्र महतो और नरेश राम समेत कई अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सब कुछ अचानक हुआ। लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और तेज रफ्तार बस कार्यक्रम में जा घुसी। हादसे के बाद काफी देर तक मौके पर अफरातफरी का माहौल रहा।

गुस्साए लोगों ने बस और ट्रक में की तोड़फोड़

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साई भीड़ ने बस और ट्रक में तोड़फोड़ कर दी। हालात बिगड़ते  देख नरकटियागंज के एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाकर शांत कराया।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेजने की प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे की सही वजह का पता लगाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड: पहले मिलते थे 4 लाख, अब सिर्फ 2 लाख तक मिलेगा एजुकेशन लोन, 2016 में नीतीश कुमार ने शुरू की थी योजना

Advertisement
Author Image

Amit Kumar

View all posts

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।

Advertisement
Advertisement
×