W3Schools
Advertisement

'छात्रों की आवाज मुख्यमंत्री तक पहुंचाऊंगा...', BPSC TRE-4 आंदोलन को मिला चिराग पासवान का समर्थन

Chirag Paswan on BPSC TRE-4: पटना में BPSC TRE-4 समेत भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों का आंदोलन तेज हो गया है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री के सामने उनकी बात रखने का भरोसा दिया। प्रदर्शन के दौरान बैरिकेडिंग, वाटर कैनन और लाठीचार्ज के बाद पुलिस-छात्रों के बीच तनाव बढ़ गया।
04:26 PM Aug 25, 2026 IST | Amit Kumar
Chirag Paswan on BPSC TRE-4: पटना में BPSC TRE-4 समेत भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों का आंदोलन तेज हो गया है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री के सामने उनकी बात रखने का भरोसा दिया। प्रदर्शन के दौरान बैरिकेडिंग, वाटर कैनन और लाठीचार्ज के बाद पुलिस-छात्रों के बीच तनाव बढ़ गया।
 छात्रों की आवाज मुख्यमंत्री तक पहुंचाऊंगा      bpsc tre 4 आंदोलन को मिला चिराग पासवान का समर्थन
Chirag Paswan on BPSC TRE-4 ( credit social media)

Chirag Paswan on BPSC TRE-4: बिहार की राजधानी पटना में BPSC TRE-4 समेत दूसरी भर्ती परीक्षाओं से जुड़ी मांगों को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार  जारी है। दरअसल,  गर्दनीबाग में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने छात्रों की मांगों और उनकी भावनाओं का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि वह छात्रों की समस्याओं को मुख्यमंत्री के सामने रखकर समाधान निकालने की कोशिश करेंगे।

Advertisement

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चिराग पासवान ने कहा कि छात्रों की भावनाओं को समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि वह युवाओं की जायज मांगों को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास करते रहे हैं। चिराग ने भरोसा दिलाया कि मौजूदा विवाद को लेकर वह मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और छात्रों की बात उनके सामने रखेंगे। केंद्रीय मंत्री ने पहले के एक मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि PHD अभ्यर्थियों से जुड़े मुद्दों और उनकी चिंताओं को भी पहले मुख्यमंत्री के सामने रखा गया था। उनका कहना है कि छात्रों की समस्याओं को सही मंच तक पहुंचाकर बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश होनी चाहिए।

Advertisement

TRE-4 अभ्यर्थियों की क्या हैं प्रमुख मांगें?

पटना के गर्दनीबाग इलाके में BPSC TRE-4 को लेकर छात्रों का प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में कई बदलाव की मांग कर रहे हैं। उनकी प्रमुख मांगों में PT-Mains व्यवस्था, परीक्षा से नेगेटिव मार्किंग हटाना और 100 % डोमिसाइल लागू करना शामिल है। छात्रों का कहना है कि उनकी मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। इसी को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों का एक समूह मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने लगा। छात्रों के आगे बढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षाबलों ने जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग कर रास्ता रोकने की कोशिश की।

Advertisement

ऐसे में  छात्रों को रोकने के लिए जेपी गोलंबर पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए CRPF के जवानों को भी मौके पर लगाया गया था। लेकिन, प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ गए और डाकबंगला चौराहे की तरफ पहुंच गए। इसके बाद डाकबंगला इलाके में पुलिस और छात्रों के बीच तनाव बढ़ गया। भीड़ को कंट्रोल  करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। हालात को देखते हुए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई।

लाठीचार्ज के बाद हालात और बिगड़े

डाकबंगला चौराहे पर हालात  बिगड़ने के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों की ओर से  पत्थरबाजी किए जाने की बात सामने आई। इसमें टाउन DSP कामाख्या नारायण सिंह के घायल होने की सूचना है। कुछ अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोट लगने की जानकारी सामने आई है। वहीं, पुलिस की कार्रवाई और वाटर कैनन के इस्तेमाल के दौरान एक छात्र के सिर में चोट लगने की बात कही जा रही है। एक छात्रा के बेहोश होने की भी सूचना है।

घटना के बाद प्रशासन ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। छात्रों के आंदोलन के बीच चिराग पासवान के समर्थन से अब बातचीत के जरिए समाधान की उम्मीद बढ़ी है। उन्होंने साफ कहा है कि वह छात्रों की मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे। ऐसे में अब सभी की नजर इस बात पर है कि सरकार प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की मांगों पर क्या कदम उठाती है।

यह भी पढ़ें: Bihar: मधेपुरा के सिंहेश्वर धाम में मची भगदड़! सावन के आखिरी सोमवार पर 6 श्रद्धालु घायल

Advertisement
Author Image

Amit Kumar

View all posts

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।

Advertisement
Advertisement
×