Bihar: मधेपुरा के सिंहेश्वर धाम में मची भगदड़! सावन के आखिरी सोमवार पर 6 श्रद्धालु घायल
Singheshwar Temple Stampede: बिहार के मधेपुरा जिले के प्रसिद्ध सिंहेश्वर धाम मंदिर में सावन की आखिरी सोमवारी पर भगदड़ से अफरा- तफरी मच गई है। दरअसल, आज यानी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे थे । सुबह से ही मंदिर के बाहर भक्तों की लंबी कतार लग गई थी। इसी दौरान मुख्य प्रवेश द्वार के पास अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ने लगी और मंदिर परिसर में भगदड़ जैसे हालात बन गए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6:25 बजे से 7 बजे के बीच मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ गई थी। हर कोई जल्द से जल्द मंदिर के अंदर पहुंचकर भोलेनाथ का जलाभिषेक करना चाहता था। इसी वजह से प्रवेश द्वार पर भीड़ का दबाव अचानक बढ़ गया। आपाधापी के बीच कुछ श्रद्धालु अपना संतुलन खोकर जमीन पर गिर गए। इसके बाद कुछ लोगों के नीचे दबने के हालात बन गए। अचानक मची अफरा-तफरी से वहां मौजूद लोगों में डर फैल गया। कुछ देर के लिए मंदिर परिसर में चीख-पुकार मच गई।
6 श्रद्धालु घायल
इस दौरान करीब 6 श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों में 4 महिलाएं और दो पुरुष बताए जा रहे हैं। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और भीड़ के बीच फंसे लोगों को बाहर निकाला।घायल श्रद्धालुओं को बिना देर किए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की टीम घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
हालात बिगड़ने की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम एक्टिव हो गई। सुरक्षाकर्मियों ने भीड़ को कंट्रोल किया और लोगों को अलग-अलग दिशा में करने की कोशिश की गई । पुलिस, प्रशासन और मौके पर मौजूद सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मिलकर जमीन पर गिरे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। कुछ समय बाद मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की व्यवस्था फिर से नॉर्मल कर दी गई।
पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
बता दें कि सावन की आखिरी सोमवारी को लेकर प्रशासन को पहले से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान था। इसी को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। जिलाधिकारी और SP भी व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे थे। घटना के बाद मंदिर परिसर में एक्स्ट्रा पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर भीड़ की स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। श्रद्धालुओं को भी धैर्य बनाए रखने और जल्दबाजी न करने की अपील की गई है।
घटना के बाद मधेपुरा पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी तरह की जानकारी के लिए नजदीकी थाने से संपर्क करें या पुलिस को फोन कर सही जानकारी हासिल करें। फिलहाल मंदिर परिसर में स्थिति नियंत्रण में है।
यह भी पढ़ें: बिहार में सड़क किनारे आर्केस्ट्रा देखना पड़ा भारी, लोगों को रौंदती चली गई बस, 5 की दर्दनाक मौत

Join Channel