जब आमने-सामने आए किंग कोबरा और विशाल अजगर, खौफ से खाली करना पड़ा मकान!
King Cobra vs Python Fight Video : बिहार के बगहा स्थित वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व से सटे गोनौली वन क्षेत्र में एक अनोखा और हैरान करने वाला वाकया सामने आया है। यहां वन प्रक्षेत्र कार्यालय के ठीक सामने बने नितेश कुमार के घर के आंगन में दुनिया का सबसे जहरीला सांप किंग कोबरा और बड़ा अजगर अचानक आमने-सामने आ गए।
जंगल के दो सबसे खतरनाक जीवों को एक ही कैंपस में डटे देख परिवार के लोग दहशत में आ गए और तुरंत घर खाली कर बाहर भाग निकले। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। अजगर और सांप की आशंका से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में वन विभाग को सूचना दी गई।
दो घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही ट्रेंड स्नेक रेस्क्यूअर मुरारी कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। भीड़ को सुरक्षित दूरी पर हटाना पहला चैलेंज था, क्योंकि किंग कोबरा का खतरा बेहद ज्यादा था। काफी सावधानी के साथ दोनों सांपों की हर मूवमेंट पर नजर रखी गई। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों जीवों को बिना कोई नुकसान पहुंचाए सुरक्षित रेस्क्यू किया गया और बाद में उन्हें घने जंगल में छोड़ दिया गया।
हैरानी की बात यह है कि इसी घर के परिसर से करीब दो साल पहले भी एक विशालकाय किंग कोबरा को पकड़ा गया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक जंगल से सटा इलाका होने के कारण यहां सांप दिखना आम बात है, लेकिन किंग कोबरा और अजगर का इस तरह एक साथ आमने-सामने आना बेहद रेयर माना जाता है।
कौन पड़ता भारी?
ह्यूमन-वाइल्डलाइफ कन्फ्लिक्ट एक्सपर्ट अभिषेक के अनुसार, 16 से 18 फीट तक लंबा होने वाला किंग कोबरा अक्सर दूसरे सांपों का शिकार करता है। यदि सामने वाला सांप आकार में छोटा हो, तो कोबरा हमला कर देता है।
दूसरी तरफ, अजगर में जहर भले न हो, लेकिन उसकी असली ताकत उसकी मजबूत ग्रिप होती है। अगर अजगर आकार में बड़ा हो और कोबरा को अपनी कुंडली में कस ले, तो वह उसका दम घोंट सकता है। इस घटना में कोबरा की स्थिति ज्यादा प्रभावी दिख रही थी, लेकिन मुकाबले का नतीजा दोनों के साइज और परिस्थिति पर निर्भर करता है।
यह भी पढ़ें - बांकीपुर उपचुनाव में 49% वोट पाकर जीते प्रशांत किशोर, भाजपा पर बोले- ‘गलत चरित्र वाले नेता को सीएम मत बनाइए’

Join Channel