For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

Bihar: तालाब में डूबे दो मासूम, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

Bihar: शौच के लिए निकले बच्चों की तालाब में डूबने से मौत

02:14 AM Mar 27, 2025 IST | IANS

Bihar: शौच के लिए निकले बच्चों की तालाब में डूबने से मौत

bihar  तालाब में डूबे दो मासूम  परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

बिहार के सहरसा जिले के काशनगर थाना क्षेत्र के असनही वार्ड नंबर 10 में एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। इस हादसे से पूरे गांव में मातम पसर गया है और दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। डूबने से जान गंवाने वाले बच्चों की पहचान सचिन मुखिया के नौ वर्षीय बेटे अभिषेक कुमार और अनिल मुखिया की सात वर्षीय बेटी खुशबू कुमारी के रूप में हुई है। यह घटना सोनवर्षा राज प्रखंड क्षेत्र की बताई जा रही है।बताया जा रहा है कि घटना के समय अभिषेक और खुशबू घर से शौच के लिए निकले थे, तभी पास के तालाब में गिर गए। खुशबू पहले फिसलकर तालाब में गिर गई, उसे बचाने के लिए अभिषेक भी पानी में कूद गया, लेकिन दुर्भाग्य से दोनों गहरे पानी में डूब गए।

घटना को खुशबू की बड़ी बहन सपना ने देख लिया और शोर मचाते हुए परिवार को सूचना दी। गांव वालों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जब बच्चों को पानी से निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

मृतक अभिषेक अपने चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में दूसरी कक्षा में पढ़ता था। उसके पिता सचिन मुखिया दिल्ली में मजदूरी करते हैं और हादसे के वक्त घर से बाहर थे।

वहीं, खुशबू अपने चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थी। उसके पिता अनिल मुखिया भी दिल्ली में मजदूरी करते हैं, लेकिन घटना के समय वह गांव में ही मौजूद थे।

घटना की जानकारी मिलते ही काशनगर थाना अध्यक्ष विक्की रविदास अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दोनों बच्चों की डूबने से तालाब में मौत हुई है और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
×