BJP संसदीय बोर्ड की एकमात्र महिला सदस्य सुधा यादव ने नड्डा से मुलाकात कर जताया आभार
बीजेपी की सर्वोच्च नीति निर्धारक इकाई संसदीय बोर्ड में शामिल एकमात्र महिला व पूर्व सांसद सुधा यादव ने गुरुवार को को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात कर उनका आभार जताया।
04:48 PM Aug 18, 2022 IST | Desk Team
बीजेपी की सर्वोच्च नीति निर्धारक इकाई संसदीय बोर्ड में शामिल एकमात्र महिला व पूर्व सांसद सुधा यादव ने गुरुवार को को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात कर उनका आभार जताया। पार्टी अध्यक्ष ने बुधवार को केंद्रीय चुनाव समिति के नए सदस्यों के नाम की घोषणा की थी।
Advertisement
सुधा यादव ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाक़ात कर केंद्रीय संसदीय बोर्ड एवं केंद्रीय चुनाव समिति में शामिल करने पर उनका आभार व्यक्त किया।’’ सुधा ने 1999 में महेन्द्रगढ़ संसदीय सीट पर चुनाव जीता था।
उन्होंने उस वक्त कांग्रेस के उम्मीदवार राव इन्द्रजीत सिंह को हराया था। सिंह 2014 में बीजेपी में शामिल हो गए। गौरतलब है कि बीजेपी ने बुधवार को केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पार्टी के संसदीय बोर्ड से हटा दिया और बी. एस. येदियुरप्पा तथा इकबाल सिंह लालपुरा सहित छह नये चेहरों को इसमें जगह दी है।
केन्द्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, के. लक्ष्मण, सत्यनारायण जाटिया और सुधा यादव बीजेपी संसदीय बोर्ड के नये सदस्यों में शामिल हैं। सुधा यादव के पति सुखबीर सिंह यादव सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में डिप्टी कमांडेंट थे। करगिल युद्ध में सीमा पर पाकिस्तानी घुसपैठियों से लड़ते हुए उन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था।
Advertisement