टॉप न्यूज़भारतविश्वराज्यबिजनस
खेल | क्रिकेटअन्य खेल
बॉलीवुड केसरीराशिफलSarkari Yojanaहेल्थ & लाइफस्टाइलtravelवाइरल न्यूजटेक & ऑटोगैजेटवास्तु शस्त्रएक्सपलाइनेर
Advertisement

BJP अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बंकिम चंद्र चटोपाध्याय के नैहाटी स्थित आवास पहुंचकर अर्पित की श्रद्धांजलि

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बृहस्पतिवार को उत्तर 24 परगना जिले के नैहाटी स्थित महान उपन्यासकार एवं कवि बंकिम चंद्र चटोपाध्याय के पैतृक निवास गए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

04:37 PM Feb 25, 2021 IST | Ujjwal Jain

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बृहस्पतिवार को उत्तर 24 परगना जिले के नैहाटी स्थित महान उपन्यासकार एवं कवि बंकिम चंद्र चटोपाध्याय के पैतृक निवास गए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बृहस्पतिवार को उत्तर 24 परगना जिले के नैहाटी स्थित महान उपन्यासकार एवं कवि बंकिम चंद्र चटोपाध्याय के पैतृक निवास गए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। 
इस मौके पर नड्डा के साथ पश्चिम बंगाल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और पार्टी सांसद अर्जुन सिंह भी मौजूद रहे और उन्होंने उस जगह पुष्पांजलि अर्पित की जहां चटोपाध्याय का जन्म हुआ था। 
नड्डा ने कहा कि उनके लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें महान उपन्यासकार के जन्मस्थान पर आने का मौका मिला जिन्होंने अपने कार्यों से लोगों को आजादी के लिए प्रेरित किया। 
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की रचना चटोपाध्याय ने की है। नड्डा ने कहा, ‘‘ उनके कार्यों से देश के लोगों में आत्म सम्मान का भाव पैदा हुआ और उन्होंने उपनिवेशवाद के चंगुल से भारत को निकालने के लिए लोगों में राष्ट्रवाद को जगाया।’’ 
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि महान उपन्यासकार की कृतियां भगवा पार्टी को ‘सोनार बांग्ला’ (स्वर्णिम बंगाल) बनाने के लिए प्रेरित करेगी। वह चटोपाध्याय के पैतृक आवास के बगल में बने संग्रहालय भी गए और अभिलेखों को देखा। 
नड्डा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद, रवींद्र नाथ टैगोर, ईश्वरचंद्र विद्यासागर, चटोपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी हस्तियों ने देश को दिशा दी। 
इसके बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राज्य विधानसभा चुनाव से पहले अपने दौरे के दौरान उत्तर 24 परगना जिले के नैहाटी में एक जूट मिल के कर्मचारी के घर दोपहर का खाना खाया। 
नड्डा गौरीपुर क्षेत्र स्थित देवनाथ यादव के घर पहुंचे और इस दौरान क्षेत्र की महिलाओं ने उनपर फूलों की पंखुड़ियां बिखेरीं। शीर्ष भाजपा नेता पिछले साल नवंबर के महीने से ही जनता तक पहुंच के कार्यक्रमों का आयोजन करते रहे हैं। 
भाजपा प्रमुख ने शाकाहारी भोजन किया जिसमें पांच तरह की सब्जियां शामिल थीं। इनमें फूलगोभी करी और आम की चटनी भी शामिल थी। स्थानीय जूट मिल के कर्मचारी यादव ने कहा कि उन्हें जूट मिल क्षेत्र की दिक्कतों के बारे में नड्डा को जानकारी देने का अवसर मिला और उन्होंने धैर्य के साथ उनकी बात सुनी। 
यादव की पत्नी ने कहा कि नड्डा ने भोजन किया और कहा, ‘‘आपने स्वादिष्ट भोजन बनाया है।’’ नड्डा के साथ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष तथा बैरकपुर से सांसद अर्जुन सिंह सहित 20 वरिष्ठ पार्टी नेता थे। 
उल्लेखनीय है कि भाजपा अध्यक्ष एक दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल ‘लोक्खो सोनार बांग्ला’ (लक्ष्य स्वर्णिम बंगाल) अभियान की शुरुआत करने आए हैं। 
Advertisement
Advertisement
Next Article