बिहार चुनाव के लिए BJP ने जारी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट, PM मोदी समेत 40 बड़े चेहरे शामिल
BJP Star Campaigner List: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी ने गुरुवार को अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कुल 40 प्रमुख नेताओं को प्रचार की जिम्मेदारी दी गई है। ये सभी नेता राज्यभर में एनडीए प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेंगे।
BJP Star Campaigner List: PM मोदी, शाह और नड्डा होंगे प्रमुख चेहरे
भाजपा की ओर से जिन नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया गया है, उनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जैसे दिग्गज नाम शामिल हैं। इनके साथ-साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी प्रचार अभियान में हिस्सा लेंगे।
Bihar Assembly Elections 2025: राज्य और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री भी प्रचार में शामिल
स्टार प्रचारकों की सूची में भाजपा ने अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी शामिल किया है। इनमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा, मध्य प्रदेश के मोहन यादव और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शामिल हैं।दिल्ली से भाजपा की नेता रेखा गुप्ता भी प्रचार के लिए सूची में शामिल की गई हैं।
भोजपुरी सितारे भी प्रचार में लाएंगे रंग
भाजपा ने इस बार भी अपने प्रचार अभियान में भोजपुरी फिल्म जगत के मशहूर चेहरों को शामिल किया है। पवन सिंह, मनोज तिवारी, रवि किशन और दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' जैसे भोजपुरी कलाकार पार्टी के लिए प्रचार करते नजर आएंगे। इनका ग्रामीण इलाकों में खासा प्रभाव माना जाता है।
अन्य वरिष्ठ नेता भी निभाएंगे अहम भूमिका
इसके अलावा पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी प्रचार में शामिल रहेंगे। इनमें स्मृति ईरानी, केशव प्रसाद मौर्य, साध्वी निरंजन ज्योति, नित्यानंद राय, राधा मोहन सिंह, रविशंकर प्रसाद, राजीव प्रताप रूडी, बाबूलाल मरांडी, अश्विनी चौबे, संजय जयसवाल, सतीश चंद्र दुबे, सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा जैसे नाम शामिल हैं।
सीट बंटवारे का फॉर्मूला
इस बार एनडीए गठबंधन में सीटों का बंटवारा पहले ही तय हो चुका है। भाजपा और जनता दल (यूनाइटेड) यानी जदयू, दोनों 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं। इसके अलावा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 29 सीटें मिली हैं। 'हम' पार्टी और आरएलएम को 6-6 सीटें दी गई हैं। भाजपा ने अपनी सभी 101 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं।
Bihar Assembly Elections: चुनाव की तारीखें और मुकाबला
बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में होगा। पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। चुनाव परिणामों की घोषणा 14 नवंबर को होगी। इस बार का मुख्य मुकाबला एनडीए बनाम महागठबंधन के बीच है। महागठबंधन का नेतृत्व राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के तेजस्वी यादव कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: बीजेपी की ‘छोटी’ को खेसारी की ‘चंदा’ देंगी चुनावी मैदान में टक्कर, इस सीट पर होगा रोमांचक मुकाबला