For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

Delhi MCD Election Result : एमसीडी में फिर आएगी BJP या AAP करेगी चमत्कार?, 250 वार्डों का परिणाम आज, 42 सेंटर्स पर होगी मतगणना

आज दिल्ली नगर निकाय (एमसीडी) के नतीजे आ रहे हैं। राजधानी में इसके लिए 4 दिसंबर को वोटिंग हुई थी। आज सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। चुनाव आयोग ने कुल 42 मतगणना केंद्र बनाए हैं। इस बार के एमसीडी चुनावों में 250 वार्ड में कुल 1349 उम्मीदवार मैदान में थे।

04:10 AM Dec 07, 2022 IST | Shera Rajput

आज दिल्ली नगर निकाय (एमसीडी) के नतीजे आ रहे हैं। राजधानी में इसके लिए 4 दिसंबर को वोटिंग हुई थी। आज सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। चुनाव आयोग ने कुल 42 मतगणना केंद्र बनाए हैं। इस बार के एमसीडी चुनावों में 250 वार्ड में कुल 1349 उम्मीदवार मैदान में थे।

delhi mcd election result   एमसीडी में फिर आएगी bjp या aap करेगी चमत्कार   250 वार्डों का परिणाम आज  42 सेंटर्स पर होगी मतगणना
दिल्ली नगर निगम की 250 सीटों पर हुए चुनाव के लिए सात दिसंबर को सुबह आठ बजे से 42 मतगणना केंद्रों पर मतों की गिनती शुरू होगी।
Advertisement
दिल्ली में नगर निगम चुनाव के मतों की गिनती की तैयारियां पूरी कर ली गई और इसके लिए 42 केंद्र बनाए गए हैं। चार दिसंबर को हुए चुनाव में 50.48 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। इस चुनाव में 1,349 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के बेहद खास और कड़े इंतजाम दिल्ली पुलिस और अर्ध सैनिक बलों को तैनात कर किए गए हैं। सभी मतगणना केंद्रों की निगरानी ड्रोन कैमरे से की जाएगी।
दिल्ली नगर निगम चुनाव पर आए सभी एग्जिट पोल्स में आम आदमी पार्टी की जीत रही है। अगर नतीजों के दिन भी परिणाम यही रहे तो निगम में डेढ़ दशक से काबिज भाजपा के लिए यह बड़ा झटका होगा। आम आदमी पार्टी ने इस बार कूड़े के पहाड़ से लेकर साफ-सफाई के मुद्दे पर दिल्लीवालों के बीच गई थी। भाजपा ने भी लगातार चौथी बार जीत के लिए पूरी ताकत झोंकी थी लेकिन एग्जिट पोल को माने तो भाजपा के लिए नतीजे सुखद नहीं दिख रहे हैं।
ग़ौरतलब है कि 2017 के निगम चुनाव में भाजपा ने तीनों नगर निगमों को मिलाकर कुल 181 सीटों पर जीत दर्ज की थी। उत्तरी नगर निगम के 103 में से 64 सीटें, दक्षिण निगम की 104 में से 70 सीटें और पूर्वी दिल्ली नगर निगम में 63 में से 47 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस चुनाव में आप को महज 48 सीटें जबकि कांग्रेस को 30 सीटें ही मिल पाई थी। अन्य के खाते में 11 सीटें गई थी।
Advertisement
उल्लेखनीय है कि पहले तीन निगमों को मिलकर 272 वार्ड थे लेकिन तीनों निगमों के एकीकरण के बाद वार्डों की संख्या 250 हो गई है।
एमसीडी चुनाव में आप की भारी जीत के आसार
आम आदमी पार्टी (आप) 4 दिसंबर को हुए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनावों में भारी जीत हासिल करने और भाजपा के 15 साल के गढ़ को खत्म करने के लिए पूरी तरह तैयार है। सोमवार को विभिन्न एजेंसियों के एग्जिट पोल के नतीजे जारी हुए।
इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के सर्वेक्षण के अनुसार, एमसीडी के 250 वार्डो में से आप को 149-171 वार्डो में जीत मिलने का अनुमान है, भाजपा को 69-91, कांग्रेस को 3-7, जबकि अन्य को 5-9 सीटें मिल सकती हैं।
चांदनी चौक में 30 वार्ड हैं, इनमें से 20 आप के पास जा सकते हैं, जबकि भाजपा को 10 वार्डो में जीत मिलने का अनुमान है।
पूर्वी दिल्ली में, जहां 36 वार्ड हैं, आप 22 और भाजपा 14 में जीत हासिल कर सकती है।
नई दिल्ली के 25 वार्डो में से आप 21 और भाजपा 4 में जीत सकती है।
एग्जिट पोल में आगे भविष्यवाणी की गई है कि उत्तरी-पूर्वी जिले के 41 वार्डो में से 21 भाजपा के पास जाएंगे, उसके बाद 17 पर आप, 2 पर कांग्रेस, जबकि 1 वार्ड अन्य के पास जाएगा।
इंडिया टुडे के एग्जिट पोल के मुताबिक, आप को 43 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है, जबकि भाजपा को 35 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है। कांग्रेस 10 फीसदी वोट शेयर के साथ तीसरे स्थान पर रहेगी।
इंडिया न्यूज-जन की बात एग्जिट पोल ने आप को 159-175 वार्ड दिए, जबकि भाजपा को 70-92 वार्ड जीतने का अनुमान है।
टाइम्स नाउ एग्जिट पोल ने आप को 146 और 156 वार्डो में जीत मिलने की भविष्यवाणी की है, अनुमान है कि भाजपा 84 से 94 वार्डो में जीत दर्ज करेगी। एग्जिट पोल में कांग्रेस को सिर्फ 11 वार्डो में जीत मिलने का अनुमान लगाया गया है।
जी न्यूज-बार्क एग्जिट पोल ने आप को 134-146 वार्ड मिलने का अनुमान लगाया है, जबकि 82-94 वार्ड भाजपा जीतेगी। कांग्रेस के 8-14 वार्ड जीतने की संभावना है, जबकि अन्य 14-19 वार्ड जीतेंगे।
रविवार को हुए एमसीडी चुनाव में 50 फीसदी से कम मतदान हुआ था। नतीजे 7 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।
एमसीडी में भाजपा 2007 से से ही सत्ता में है।
Advertisement
Author Image

Shera Rajput

View all posts

Advertisement
×