देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।
Advertisement
Advertisement
Delhi / BJP : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में लोकसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी करेगी। पार्टी की ओर से जारी एक आधिकारिक सूचना में शनिवार को यह जानकारी दी गई।
Highlights:
कल यानि रविवार को भाजपा अपने मेनिफेस्टो को जारी करने वाली है। घोषणा पत्र का ऐलान नई दिल्ली के भाजपा मुख्यालय में होगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत भाजपा के लगभग सभी दिग्गज नेता रहेंगे मौजूद।
भाजपा अपने घोषणापत्र को 'संकल्प पत्र' का नाम देती रही है। इसका मसौदा तैयार करने के लिए पार्टी ने पिछले दिनों रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में एक समिति गठित की थी। समिति ने कई बैठकों के बाद संकल्प पत्र को अंतिम रूप दिया है।
केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, पीयूष गोयल, स्मृति ईरानी, धर्मेंद्र प्रधान, अश्विनी वैष्णव, किरण रीजीजू और अर्जुन राम मेघवाल के अलावा गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद सहित इस कुल 27 नेता इस समिति के सदस्य हैं। निर्मला सीतारमण को इस समिति की संयोजक बनाया गया था।
घोषणापत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत' एजेंडे पर ध्यान केंद्रित किए जाने की उम्मीद है। मोदी लगातार गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए अपनी सरकार की प्राथमिकता को रेखांकित करते रहे हैं। सत्तारूढ़ भाजपा अपने घोषणा पत्र में ऐसे मुद्दों को प्रमुखता दे सकती है।
लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल से एक जून के बीच सात चरणों में होने हैं। वोटों की गिनती 4 जून को होगी।
इससे पहले कांग्रेस ने 5 अप्रैल को अपना घोषणा पत्र जारी किया था। कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो को ‘न्याय पत्र’ का नाम दिया है। पार्टी ने इसमें 5 न्याय के साथ 25 गारंटियां दी हैं। कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में गरीब महिलाओं को हर साल 1 लाख रुपए, 400 रुपए मजदूरी, फसलों की MSP पर कानून, जाति जनगणना करवाने और अग्निवीर योजना बंद करने का वादा शामिल है।
बता दें, इसके अलावा समाजवादी पार्टी, राजद और तृणमूल कांग्रेस समेत अन्य क्षेत्रीय दलों ने भी घोषणा पत्र जारी किया है।