For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

सिंगर की एल्बम पार्टी में खूब चली गोलियां, 4 की मौत, 14 घायल

07:53 PM Jul 03, 2025 IST | Priya
सिंगर की एल्बम पार्टी में खूब चली गोलियां  4 की मौत  14 घायल

शिकागो : बुधवार देर रात अमेरिका के शिकागो के रिवर नॉर्थ इलाके में एक रेस्तरां के बाहर हुई गोलीबारी की घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, घटना उस समय हुई जब वहां एक सिंगर की एल्बम रिलीज पार्टी चल रही थी। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, यह गोलीबारी देर रात एक व्यस्त रेस्तरां के बाहर उस समय हुई जब बड़ी संख्या में लोग पार्टी में शामिल होने के लिए वहां मौजूद थे। एक अज्ञात हमलावर ने भीड़ पर अंधाधुंध फायरिंग की और फिर वाहन में सवार होकर मौके से फरार हो गया। गोलीबारी में घायल हुए लोगों को तुरंत विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

4 की हुई मौत
पुलिस द्वारा जारी प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। हमले में 21 से 32 वर्ष के आयु वर्ग की 13 महिलाएं और 5 पुरुष घायल हुए हैं। नॉर्थवेस्टर्न मेडिसिन अस्पताल के प्रवक्ता क्रिस किंग ने बताया कि आपातकालीन विभाग में कई घायल व्यक्तियों का इलाज चल रहा है, हालांकि उन्होंने घायलों की सटीक संख्या या स्थिति के बारे में जानकारी देने से इनकार कर दिया।

यह भी पढ़ें- दो बार गर्भपात करवाया, अश्लील वीडियो बनाए… दिल्ली से आया लव जिहाद का मामला

जांच और तलाशी अभियान जारी
फिलहाल किसी भी संदिग्ध को हिरासत में नहीं लिया गया है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले की जांच कई पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है, और हमलावर की तलाश तेजी से की जा रही है।

अमेरिका में गन कल्चर पर उठते सवाल
इस घटना ने एक बार फिर अमेरिका में बढ़ते गन कल्चर को लेकर बहस छेड़ दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले 50 वर्षों में अमेरिका में बंदूक से जुड़ी हिंसा के चलते 15 लाख से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। 33 करोड़ की जनसंख्या वाले देश में 40 करोड़ से अधिक हथियार मौजूद हैं। अमेरिका में राइफल और छोटी बंदूकें खरीदने की न्यूनतम उम्र सीमा 18 वर्ष है, जबकि अन्य हथियारों के लिए यह सीमा 21 वर्ष निर्धारित है।

Advertisement
Advertisement
Author Image

Advertisement
×