For the best experience, open
https://m.punjabkesari.com
on your mobile browser.
Advertisement

Chhattisgarh: CM साय ने राज्य के लोगों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की दी शुभकामनाएं

योग: शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का समग्र माध्यम

10:36 AM Jun 21, 2025 IST | IANS

योग: शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का समग्र माध्यम

chhattisgarh  cm साय ने राज्य के लोगों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की दी शुभकामनाएं

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए योग के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य का समग्र माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।

हर साल 21 जून को पूरे विश्व में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। इस साल शनिवार को 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को प्रदेशवासियों को योग दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने योग के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य का एक समग्र माध्यम है।

सीएम साय ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे हमारे ऋषि-मुनियों ने हजारों वर्ष पूर्व जीवन को संतुलित, अनुशासित और निरोगी बनाने के लिए विकसित किया। आज पूरा विश्व इस प्राचीन विद्या के महत्व को समझ रहा है और योग को अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो रहा है। योग तनाव मुक्त जीवन का आधार है और यह शरीर, मन और आत्मा की शुद्धि का माध्यम भी है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे योग को अपनी नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाएं ताकि वे स्वयं भी स्वस्थ रहें और समाज में भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैले।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग से शारीरिक ऊर्जा में वृद्धि, स्वास्थ्य में सुधार और रोग प्रतिरोधक क्षमता में सकारात्मक प्रभाव देखा गया है। खासकर बदलती जीवनशैली और तेजी से भागती दुनिया में योग एक संतुलन का सूत्र है। उन्होंने आग्रह किया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लोग अधिक से अधिक संख्या में योगाभ्यास कार्यक्रमों में भाग लें और इस ज्ञान को जन-जन तक पहुंचाएं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार भी योग को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं और जागरूकता कार्यक्रम चला रही है।

इस साल अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘योगा फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ’ (एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग) है जो पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के बीच गहरे संबंध को रेखांकित करती है। यह थीम योग के प्राचीन ज्ञान को आधुनिक वैज्ञानिक प्रगति के साथ जोड़ती है, जो एकता, शांति और करुणा के सिद्धांतों को बढ़ावा देती है।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा था। रिकॉर्ड समय में 177 देशों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया, जो अपने आप में ही ऐतिहासिक था। प्रस्ताव को मंजूरी मिली और 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित कर दिया गया। अपने प्रस्ताव में, यूएनजीए ने माना कि योग जीवन के सभी पहलुओं के बीच संतुलन बनाने के अलावा स्वास्थ्य और कल्याण के लिए एक समग्र दृष्टिकोण प्रदान करता है। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में भी सन् 2015 से हर साल 21 जून को योग दिवस के अवसर पर विशेष आयोजन होता है। इसमें दुनिया भर के राजनयिक, विशेषज्ञ और नागरिक भाग लेते हैं।

International Yoga Day: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देहरादून में किया योग

Advertisement
Advertisement
Advertisement
×