छतीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने खेल विकास का व्यापक रोडमैप किया पेश
Chhattisgarh Sports Development Scheme : छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से व्यापक खेल विकास योजना का खाका प्रस्तुत किया है। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने बताया कि सरकार का लक्ष्य आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित कर प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करना है।
तीरंदाजी अकादमी की स्थापना
मंत्री ने बताया कि नया रायपुर के अटल नगर में लगभग 67 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय तीरंदाजी अकादमी स्थापित की जा रही है। इसके साथ ही एनटीपीसी, एनआरएलएमपी एवं डीएसडब्ल्यू के सहयोग से खेल अकादमियों के निर्माण की दिशा में भी कार्य आगे बढ़ रहा है। जशपुर में लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से तीरंदाजी अकादमी निर्माणाधीन है, जबकि जशपुर और रायगढ़ में एकीकृत स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की स्वीकृति भी दी गई है।
खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ का प्रावधान
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए स्वर्ण पदक पर दो लाख, रजत पर डेढ़ लाख तथा कांस्य पदक पर एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दे रही है। वर्ष 2026-27 के बजट में मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस मिशन के तहत एथलीट मैनेजमेंट सिस्टम, स्पोर्ट्स साइंस सेंटर, फीडर सेंटर और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित की जाएगी।
अरुण साव ने बताया कि बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों ने लाखों युवाओं को खेलों से जोड़ा है तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान सुनिश्चित की है। वहीं, खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 की मेजबानी भी छत्तीसगढ़ को मिली है, जिससे प्रदेश को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार की योजनाओं और आधुनिक सुविधाओं के बल पर छत्तीसगढ़ आने वाले वर्षों में देश के अग्रणी खेल राज्यों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगा।

Join Channel