इन्फ्लुएंसर्स के कैमरे से दुनिया देखेगी छत्तीसगढ़, डिजिटल मंचों पर चमकेगा पर्यटन का नया चेहरा
Chhattisgarh Tourism Promotion: छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा 26 से 30 जून 2026 तक पांच दिवसीय "इन्फ्लुएंसर मीट एवं फेमिलराइजेशन (फेम) टूर" का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल के तहत देशभर के प्रमुख सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जा रहा है, ताकि उनके माध्यम से छत्तीसगढ़ की पर्यटन संभावनाएं करोड़ों लोगों तक पहुंच सकें।
इन्फ्लुएंसर्स एक्सप्लोर कर रहे हैं छत्तीसगढ़ की अनूठी संस्कृति और वादियां
फेम टूर के दौरान इन्फ्लुएंसर्स प्रदेश के प्रसिद्ध हिल स्टेशन मैनपाट, प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर सतरेंगा और सांस्कृतिक महत्व के रामगढ़ महोत्सव का अनुभव ले रहे हैं। यात्रा के दौरान वे यहां की प्राकृतिक छटा, जनजातीय जीवन, लोककलाओं, सांस्कृतिक आयोजनों और पर्यटन सुविधाओं को करीब से जान रहे हैं तथा विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए आकर्षक फोटो, वीडियो और रचनात्मक सामग्री तैयार कर रहे हैं।
मैनपाट अपनी हरी-भरी वादियों, तिब्बती संस्कृति, झरनों और शांत वातावरण के लिए प्रसिद्ध है। वहीं सतरेंगा तेजी से उभरता हुआ इको-टूरिज्म डेस्टिनेशन है, जहां जलाशय, प्राकृतिक वातावरण और साहसिक गतिविधियां पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। रामगढ़ महोत्सव के माध्यम से प्रतिभागी छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककला और ऐतिहासिक परंपराओं से भी रूबरू हो रहे हैं।
सोशल मीडिया के जरिए छत्तीसगढ़ पर्यटन को नई ऊंचाई

यह आयोजन पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन, पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा के नेतृत्व, प्रबंध संचालक विवेक आचार्य के संचालन तथा उपमहाप्रबंधक पूनम शर्मा के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन का समापन 30 जून को होगा।
डिजिटल युग में सोशल मीडिया पर्यटन प्रचार का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। ऐसे में इस इन्फ्लुएंसर मीट से तैयार होने वाली सामग्री छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे प्रदेश में पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, हस्तशिल्प, लोककला, ग्रामीण पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड का यह अभिनव प्रयास राज्य को देश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में भी पर्यटन के प्रभावी प्रचार-प्रसार के लिए ऐसे नवाचार आधारित अभियान जारी रहेंगे।
रिपोर्ट- आनंद खरे

Join Channel