आईआईएम रायपुर और FPSB इंडिया की बड़ी पहल, अब वित्तीय नियोजन में मिलेगा वैश्विक स्तर का प्रशिक्षण
IIM Raipur FPSB India Partnership: देश में वित्तीय नियोजन (फाइनेंशियल प्लानिंग) के क्षेत्र में कुशल पेशेवर तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आईआईएम रायपुर और FPSB इंडिया ने एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी के तहत 11 माह का उद्योग-केंद्रित एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम इन फाइनेंशियल प्लानिंग शुरू किया जाएगा, जिसे वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त CFP (Certified Financial Planner) सर्टिफिकेशन के साथ जोड़ा गया है।
ब्लेंडेड लर्निंग मॉडल और नैतिक मूल्यों पर आधारित ट्रेनिंग
यह कार्यक्रम ब्लेंडेड लर्निंग मॉडल पर आधारित होगा, जिसमें अकादमिक ज्ञान और व्यावहारिक प्रशिक्षण का समन्वय किया जाएगा। इसका उद्देश्य वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र की बदलती जरूरतों के अनुरूप ऐसे पेशेवर तैयार करना है, जो नैतिक मूल्यों, रणनीतिक सोच और ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण के साथ कार्य कर सकें।
FPSB इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रमेश विश्वनाथन ने कहा कि यह साझेदारी वित्तीय नियोजन के क्षेत्र में पेशेवर मानकों को नई ऊंचाई देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं, आईआईएम रायपुर के प्रभारी निदेशक प्रो. संजीव प्रशर ने कहा कि यह कार्यक्रम उद्योग और शिक्षा जगत के बीच की दूरी को कम करेगा तथा छात्रों और पेशेवरों को आधुनिक वित्तीय प्रबंधन की बेहतर समझ प्रदान करेगा।
वित्तीय शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट को मिलेगी नई दिशा
इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को वित्तीय नियोजन, वेल्थ मैनेजमेंट और व्यवहारिक वित्त (Behavioural Finance) जैसे विषयों में वैश्विक मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण मिलेगा। साथ ही उन्हें उद्योग की आवश्यकताओं के अनुसार नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर भी प्राप्त होगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि आईआईएम रायपुर और FPSB इंडिया की यह साझेदारी भारत में वित्तीय शिक्षा और प्रोफेशनल स्किल डेवलपमेंट को नई दिशा देगी तथा भविष्य के वित्तीय सलाहकारों और विशेषज्ञों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी।
रिपोर्ट- आशीष शर्मा

Join Channel