नकटी मामले पर केदार कश्यप ने कांग्रेस को घेरा, बोले- उनके कार्यकाल में ही शुरू हुई थी भूमि आबंटन की प्रक्रिया
Kedar Kashyap on Nakti Case: वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने नकटी ग्राम प्रकरण को लेकर कांग्रेस के आरोपों को निराधार और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया है। भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठ और भ्रम फैलाकर सरकार की छवि खराब करने का असफल प्रयास कर रही है।
पूरे गांव को उजाड़ने का झूठा प्रचार कर रही कांग्रेस- केदार कश्यप
कश्यप ने कहा कि विवादित भूमि के आबंटन की प्रक्रिया 1 सितंबर 2020 को तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई थी। राजस्व अभिलेखों में भूमि हाउसिंग बोर्ड को आबंटित करने का प्रस्ताव था। इसके बाद सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करीब 3 हेक्टेयर से बढ़कर 15 हेक्टेयर तक पहुंच गया।
उन्होंने कहा कि प्रशासन ने विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और व्यवस्थापन का प्रयास किया। नकटी गांव के सभी 17 वार्ड नहीं उजाड़े गए, बल्कि केवल उस एक वार्ड में कार्रवाई हुई, जहां सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा था। कांग्रेस पूरे गांव को उजाड़ने का झूठा प्रचार कर रही है।
साय सरकार ने प्रभावित परिवारों को आवास देकर सौंपी चाबियां

मंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन में सेरीखेड़ी से करीब 150 परिवारों को बिना पुनर्वास हटाया गया था, जबकि विष्णुदेव साय सरकार ने नकटी के प्रभावित परिवारों को नया रायपुर में आवास देकर चाबियां सौंपीं और सम्मानपूर्वक वहां पहुंचाया। सरकार की मंशा स्पष्ट है कि किसी गरीब, किसान या जरूरतमंद के साथ अन्याय नहीं होगा।
कश्यप ने विधायक कॉलोनी बनाए जाने के आरोप को भी भ्रामक बताते हुए कहा कि भूमि के उपयोग पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तथ्यों को छिपाकर लोगों को भड़काने और सामाजिक वातावरण खराब करने की राजनीति बंद करे।
रिपोर्ट- आशीष शर्मा

Join Channel