छत्तीसगढ़ में सुशासन का नया अध्याय लिख रहा सुशासन तिहार: अमित चिमनानी
Latest Chhattisgarh News Updates : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आयोजित सुशासन तिहार छत्तीसगढ़ में सुशासन, जनभागीदारी और जनकल्याण का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। यह अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने के साथ-साथ प्रशासनिक जवाबदेही और पारदर्शिता को नई दिशा दे रहा है।
अमित चिमनानी ने हाल ही में जनता के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले अधिकारी रूपेश पांडे के निलंबन का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनता के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता सर्वोपरि है और उसके साथ दुर्व्यवहार करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
3 चरणों में सुशासन तिहार
उन्होंने कहा कि तीन चरणों में संचालित सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन को अधिक जन-केंद्रित बनाना, आम लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना तथा शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इस अभियान के माध्यम से प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता को बढ़ावा मिला है। साथ ही विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का प्रत्यक्ष मूल्यांकन भी किया जा रहा है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई होने से आम जनता का शासन-प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा समस्याओं का समाधान किया जा रहा है, जिससे समाज के हर वर्ग को सकारात्मक लाभ मिल रहा है।
जनता की सुन रहे समस्याएं
चिमनानी ने कहा कि जहां एक ओर भीषण गर्मी के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री और भाजपा के जनप्रतिनिधि 45 डिग्री तापमान में भी लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस लगातार इस जनहितकारी अभियान को लेकर भ्रम फैलाने और व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता की समस्याओं के समाधान में सहयोग करने के बजाय राजनीतिक लाभ के लिए अनावश्यक भ्रम की स्थिति निर्मित कर रही है।
उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार केवल एक प्रशासनिक अभियान नहीं, बल्कि जनता के प्रति सरकार की संवेदनशीलता, प्रतिबद्धता और जवाबदेही का जीवंत उदाहरण है। यह अभियान छत्तीसगढ़ में विकास, जन सरोकार और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा राज्य को सुशासन की दिशा में और अधिक सशक्त बना रहा है।

Join Channel