नवा रायपुर ओपन 13 सितंबर से, कपिल देव करेंगे ओपनिंग
नवा रायपुर अब क्रिकेट और बड़े खेल आयोजनों के साथ पेशेवर गोल्फ के प्रमुख केंद्र के रूप में भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। यहां 15 से 18 सितंबर तक डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नवा रायपुर ओपन 2026 का आयोजन फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट में होगा। टूर्नामेंट का आगाज 13 सितंबर को प्रो-एम स्पर्धा के साथ होगा, जिसमें भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल देव मौजूद रहेंगे।
18 विदेशी खिलाड़ियों समेत 132 गोल्फर होंगे टूर्नामेंट का हिस्सा
एक करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि वाले इस टूर्नामेंट में कुल 132 पेशेवर गोल्फर हिस्सा लेंगे। इनमें 18 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं। भारतीय खिलाड़ियों में सप्तक तलवार, हनी बैसोया, वीर अहलावत, अक्षय शर्मा, खालिन जोशी, राशिद खान, मनु गंडास और ओम प्रकाश चौहान जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। चार राउंड में होने वाली मुख्य प्रतियोगिता में खिलाड़ी खिताब और पुरस्कार राशि के लिए मुकाबला करेंगे।
13 सितंबर को प्रो-एम मुकाबले के साथ टूर्नामेंट की गतिविधियां शुरू होंगी। 14 सितंबर को खिलाड़ियों का आधिकारिक अभ्यास दौर होगा और इसके बाद 15 से 18 सितंबर तक मुख्य पेशेवर मुकाबले खेले जाएंगे।
नवा रायपुर बनेगा गोल्फ डेस्टिनेशन
कपिल देव (Kapil Dev) ने नवा रायपुर को पेशेवर गोल्फ के लिए संभावनाओं से भरपूर स्थान बताया है। उनका कहना है कि शहर में देश के महत्वपूर्ण गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में विकसित होने की सभी खूबियां मौजूद हैं। नवा रायपुर में इस वर्ष यह डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई का दूसरा आयोजन होगा, जिससे इसकी पहचान राष्ट्रीय गोल्फ सर्किट में और मजबूत होने की उम्मीद है।
आयोजन से छत्तीसगढ़ की खेल सुविधाओं, पर्यटन और आतिथ्य को भी देश-विदेश में प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। बड़े खिलाड़ियों की मौजूदगी से नवा रायपुर में गोल्फ पर्यटन को बढ़ावा मिलने और शहर को देश के प्रमुख खेल गंतव्यों में स्थापित करने की उम्मीद है।
रिपोर्ट- आशीष शर्मा

Join Channel