रायपुर निगम में ई-ऑफिस प्रणाली लागू, महापौर मीनल चौबे ने नियमित उपयोग का दिया संदेश
नगर पालिक निगम रायपुर में कार्यालयीन कामकाज को अधिक पारदर्शी, तेज और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। निगम मुख्यालय भवन के तृतीय तल स्थित सभाकक्ष में आयोजित प्रशिक्षण में महापौर मीनल चौबे सहित एमआईसी सदस्यों ने ई-ऑफिस और ई-फाइल प्रणाली के संचालन की जानकारी प्राप्त की।
एमआईसी सदस्यों को दी गई ई-ऑफिस पोर्टल की ट्रेनिंग
कार्यक्रम में अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, उपायुक्त (आईटी) तोरण शर्मा, निगम सचिव संगीता साहू सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। निगम के प्रोग्रामर ने एमआईसी सदस्यों को ई-ऑफिस पोर्टल के संचालन की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान पोर्टल पर लॉग-इन करने से लेकर फाइल, नस्ती, डाक और पत्राचार के ऑनलाइन संचालन की प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप से समझाया गया।
ई-ऑफिस से पेपरलेस होंगे निगम के काम
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि राज्य शासन की मंशा के अनुरूप वे स्वयं ई-ऑफिस प्रणाली का नियमित उपयोग करेंगी। उन्होंने सभी एमआईसी सदस्यों से भी कार्यालयीन कार्यों में ई-ऑफिस का नियमित उपयोग करने का आग्रह किया।

निगम में अब डाक, नस्ती, फाइल और पत्राचार सहित कार्यालयीन कार्य ई-ऑफिस के माध्यम से करना अनिवार्य किया गया है। इस व्यवस्था से कागजी कार्यप्रणाली में कमी आएगी और कार्यालयीन कामकाज पेपरलेस दिशा में आगे बढ़ेगा। साथ ही फाइलों के निराकरण में लगने वाला समय कम होने, कार्यों की निगरानी आसान होने और जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद है।
ई-ऑफिस से बढ़ेगी पारदर्शिता,
ई-ऑफिस प्रणाली से निगम के प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और गतिशीलता बढ़ेगी। इसका सीधा लाभ नागरिक सेवाओं के त्वरित और बेहतर संचालन के रूप में मिलने की संभावना है। प्रशिक्षण में एमआईसी सदस्य सरिता दुबे, गायत्री चंद्राकर, सुमन पाण्डेय, महेन्द्र खोडियार, दीपक जायसवाल, संतोष साहू, अवतार सिंह बागल, अमर गिदवानी, भोला राम साहू, नंदकिशोर साहू और खेम कुमार सेन उपस्थित रहे।

Join Channel