W3Schools
Advertisement

वैश्विक मंच पर भारत के आवास एवं शहरी विकास मॉडल को प्रस्तुत करेंगे केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू

केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू स्पेन दौरे के दौरान भारत के आवास एवं शहरी विकास मॉडल को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास योजना, समावेशी शहरी विकास और सतत अधोसंरचना की उपलब्धियों को साझा किया जाएगा। साथ ही स्पेन की आधुनिक नगर नियोजन, स्मार्ट मोबिलिटी और सार्वजनिक परिवहन की श्रेष्ठ प्रक्रियाओं से सीखने का अवसर मिलेगा। यह दौरा भारत-स्पेन के बीच निवेश, तकनीकी सहयोग और शहरी विकास की नई संभावनाओं को मजबूत करेगा।
11:03 AM Nov 02, 2026 IST | Shivangi Shandilya
केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू स्पेन दौरे के दौरान भारत के आवास एवं शहरी विकास मॉडल को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास योजना, समावेशी शहरी विकास और सतत अधोसंरचना की उपलब्धियों को साझा किया जाएगा। साथ ही स्पेन की आधुनिक नगर नियोजन, स्मार्ट मोबिलिटी और सार्वजनिक परिवहन की श्रेष्ठ प्रक्रियाओं से सीखने का अवसर मिलेगा। यह दौरा भारत-स्पेन के बीच निवेश, तकनीकी सहयोग और शहरी विकास की नई संभावनाओं को मजबूत करेगा।
वैश्विक मंच पर भारत के आवास एवं शहरी विकास मॉडल को प्रस्तुत करेंगे केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू
Tokhan Sahu Spain Visit 2026 (CREDIT-Google)

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर के सांसद श्री तोखन साहू 2 से 6 नवंबर 2026 तक स्पेन के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बार्सिलोना और मैड्रिड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस दौरे का प्रमुख उद्देश्य भारत के आवास एवं शहरी विकास के अनुभवों को वैश्विक मंच पर साझा करना, आधुनिक शहरी विकास की श्रेष्ठ प्रक्रियाओं का अध्ययन करना तथा भारत और स्पेन के बीच सहयोग की नई संभावनाओं को आगे बढ़ाना है।

Advertisement

श्री तोखन साहू 3 नवंबर को बार्सिलोना में आयोजित स्मार्ट सिटी एक्सपो वर्ल्ड कांग्रेस 2026 में शामिल होंगे तथा इंडिया पवेलियन (भारत मंडप) का उद्घाटन करेंगे। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में भारत के विभिन्न राज्यों के 20 वरिष्ठ अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल भी उनके नेतृत्व में भाग लेगा। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री सोनमणि बोरा भी इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल हैं।

Advertisement

सम्मेलन में श्री तोखन साहू ‘हाउसिंग फॉर ऑल: बिल्डिंग इन्क्लूसिव एंड सस्टेनेबल फ्यूचर्स’ विषय पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से किफायती एवं समावेशी आवास उपलब्ध कराने के प्रयासों, बड़े स्तर पर आवास निर्माण, नवाचार आधारित वित्तीय व्यवस्था और जनभागीदारी के अनुभव साझा करेंगे। इसी दिन वे ‘रीक्लेमिंग पब्लिक स्पेस: रीजेनरेशन, गवर्नेंस एंड एवरीडे लाइफ’ विषय पर आयोजित सत्र में भी भाग लेंगे।

Advertisement

बार्सिलोना प्रवास के दौरान श्री साहू कैटेलोनिया के आवास एवं पारिस्थितिक संक्रमण मंत्री सुश्री सिल्विया पानेके सहित संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों से प्रस्तावित मुलाकातों में आवास नीति, शहरी नियोजन, सार्वजनिक आवास, भूमि विकास, परिवहन और नागरिक सुविधाओं पर चर्चा करेंगे। वे बार्सिलोना के 22@ इनोवेशन डिस्ट्रिक्ट सहित शहरी पुनर्विकास और आधुनिक शहरी प्रबंधन से जुड़ी पहलों का भी अध्ययन करेंगे।

मैड्रिड में शहरी विकास परियोजनाओं का अवलोकन करेंगे तोखन साहू

इसके बाद 4 से 6 नवंबर तक मैड्रिड में उनका कार्यक्रम रहेगा। यहां वे मैड्रिड रियो परियोजना, मैड्रिड न्यूवो नॉर्टे शहरी पुनर्विकास एवं ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) परियोजना और प्लाजा डी एस्पान्या के मोबिलिटी हब जैसी पहलों का अवलोकन करेंगे। स्पेन के आवास एवं शहरी एजेंडा मंत्रालय तथा आवास, निर्माण और शहरी अधोसंरचना से जुड़ी संस्थाओं एवं कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें भी प्रस्तावित हैं। इन बैठकों में निवेश, तकनीकी सहयोग, टिकाऊ निर्माण, सार्वजनिक परिवहन और शहरी अधोसंरचना के विकास पर विचार-विमर्श होगा।

भारत और स्पेन के बीच वर्ष 1956 से राजनयिक संबंध हैं। वर्ष 2026 दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की 70वीं वर्षगांठ के अवसर पर भारत-स्पेन संस्कृति, पर्यटन एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का द्वैध वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। अक्टूबर 2024 में स्पेन के प्रधानमंत्री श्री पेड्रो सांचेज की भारत यात्रा और फरवरी 2026 में उनकी पुनः भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई उच्चस्तरीय वार्ताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को नई गति दी है। जनवरी 2025 में सतत शहरी विकास के क्षेत्र में सहयोग के लिए दोनों देशों के बीच समझौता ज्ञापन भी हुआ था। ऐसे में श्री साहू का यह दौरा दोनों देशों के बीच शहरी विकास संबंधी सहयोग को व्यावहारिक दिशा देने का अवसर प्रदान करेगा।

भारत और स्पेन, दोनों देशों के सामने किफायती आवास, टिकाऊ शहरीकरण और आधुनिक नागरिक सुविधाओं के विस्तार जैसी चुनौतियां हैं। भारत प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से बड़े पैमाने पर आवास उपलब्ध कराने के अपने अनुभव साझा कर सकता है, वहीं स्पेन के शहरी पुनर्विकास, सार्वजनिक परिवहन, हरित क्षेत्रों, आधुनिक नगर नियोजन और तकनीक आधारित शहरी प्रबंधन से भारत को सीखने के अवसर मिलेंगे। इससे दोनों देशों के बीच ज्ञान एवं तकनीकी आदान-प्रदान, निवेश, निर्माण क्षेत्र में साझेदारी और संस्थागत सहयोग की नई संभावनाएं विकसित हो सकती हैं।

वैश्विक मंच पर भारत के विकास मॉडल की बढ़ती पहचान

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी एवं सशक्त नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी नई पहचान स्थापित की है। आज भारत केवल अपनी विकास आवश्यकताओं को पूरा करने वाला देश नहीं, बल्कि विश्व के साथ अपने अनुभव, नवाचार और विकास मॉडल साझा करने वाला एक महत्वपूर्ण भागीदार बनकर उभरा है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आवास, शहरी अधोसंरचना, डिजिटल तकनीक, स्वच्छता और सतत विकास के क्षेत्रों में देश ने व्यापक परिवर्तन की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों के अपने घर के सपने को साकार करने का संकल्प ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना को प्रतिबिंबित करता है। विकसित भारत @2047 का लक्ष्य इसी दूरदृष्टि और आत्मविश्वास का प्रतीक है।

भारत और स्पेन के संबंध भी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हैं। संस्कृति, पर्यटन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में घोषित द्वैध वर्ष दोनों देशों की बढ़ती निकटता और व्यापक सहयोग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। रक्षा विनिर्माण, व्यापार, निवेश, रेलवे, प्रौद्योगिकी और सतत शहरी विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। ऐसे समय में श्री तोखन साहू का स्पेन दौरा इस साझेदारी को शहरी विकास और आवास के क्षेत्र में और अधिक सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

भारत-स्पेन सहयोग से शहरी विकास को मिलेगी नई दिशा

भारत अपने विशाल अनुभव, प्रधानमंत्री आवास योजना की उपलब्धियों और समावेशी शहरी विकास के मॉडल को स्पेन के साथ साझा करेगा, वहीं स्पेन की आधुनिक नगर नियोजन, शहरी पुनर्विकास, सार्वजनिक परिवहन, हरित क्षेत्रों और स्मार्ट मोबिलिटी से जुड़ी श्रेष्ठ प्रक्रियाओं से भारत को सीखने का अवसर मिलेगा। दोनों देशों के बीच यह परस्पर सहयोग निवेश, तकनीकी आदान-प्रदान, रोजगार सृजन और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार की नई संभावनाएं खोलेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक भागीदारी और मित्र देशों के साथ मजबूत होते संबंध ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को अंतरराष्ट्रीय सहयोग की शक्ति प्रदान कर रहे हैं।

रिपोर्ट: आशीष शर्मा

Advertisement
Author Image

Shivangi Shandilya

View all posts

शिवांगी शांडिल्य पत्रकारिता में पिछले 2 वर्षों से सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम के अलावा आद्यात्मिक खबरें लिखना पसंद हैं। गलगोटिया विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। IGNOU से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई जारी है। इस दौर में वेबसाइट पर लिखने का कार्य जारी है। पत्रकारिता की शुरुआत इंडिया न्यूज़ (इनखबर) से हुई, जहां बत्तौर हिन्दी सब-एडिटर के रूप में वेबसाइट पर काम किया। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में जन्म लेने वाली शिवांगी की शिक्षा उनके गृह जिले में ही हुई है। शिवांगी को राजनीतिक घटनाक्रम पर आलेख लिखना बेहद पसंद है।

Advertisement
Advertisement
×