न्यायमूर्ति मनमोहन बने दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, LG ने दिलाई शपथ
Chief Justice of Delhi High Court: उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने रविवार को राज निवास में आयोजित एक समारोह के दौरान जस्टिस मनमोहन को दिल्ली हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलाई।
न्यायमूर्ति मनमोहन को मिली बड़ी जिम्मेदारी
न्यायमूर्ति मनमोहन को दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court Chief Justice) का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। वे 9 नवंबर 2023 से दिल्ली उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश थे। वह अभी 61 वर्ष के हैं। रविवार को राजनिवास में एलजी सक्सेना ने उन्हें शपथ दिलाई है। न्यायमूर्ति मनमोहन ने दिल्ली विश्वविद्यालय (Delhi University) के कैंपस लॉ सेंटर से कानून की डिग्री ली है।
मुख्य न्यायाधीश के रूप में ली शपथ
राज निवास में शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री आतिशी और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। मुख्य सचिव, पुलिस आयुक्त और दिल्ली सरकार और न्यायपालिका के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे। इस अवसर पर जस्टिस दिनेश कुमार शर्मा, अमित शर्मा, प्रतिभा एम सिंह, यशवंत वर्मा, मनमीत प्रीतम सिंह अरोड़ा, जसमीत सिंह, प्रतीक जालान, रेखा पल्ली, अनीश दयाल, तुषार राव गेडेला सहित दिल्ली हाई कोर्ट के कई न्यायाधीश मौजूद थे।
इस पद के लिए अनुशंसित किया
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने शुरू में 11 जुलाई, 2024 को जस्टिस मनमोहन को इस पद के लिए अनुशंसित किया था, जब वे कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे। बाद में, कॉलेजियम ने अपनी कुछ सिफारिशों को संशोधित किया और 21 सितंबर, 2024 को केंद्र ने आधिकारिक तौर पर दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में उनकी नियुक्ति को अधिसूचित किया। न्यायमूर्ति मनमोहन को 13 मार्च, 2008 को दिल्ली उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था और इसके बाद 17 दिसंबर, 2009 को स्थायी न्यायाधीश बने। बाद में उन्हें 2024 में मुख्य न्यायाधीश के पद पर पदोन्नत होने से पहले 9 नवंबर, 2023 को दिल्ली उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया। न्यायमूर्ति मनमोहन का जन्म 17 दिसंबर, 1962 को दिल्ली में हुआ था।
(Input From ANI)
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।