Top NewsIndiaWorldOther StatesBusiness
Sports | CricketOther Games
Bollywood KesariHoroscopeHealth & LifestyleViral NewsTech & AutoGadgetsvastu-tipsExplainer
Advertisement

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी स्व.बाबू अनंत लाल कामत जी की प्रतिमा का किया अनावरण

बालिका पोशाक योजना, मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना की शुरूआत की गयी, जिसके पश्चात स्कूलों में पढऩे वाली बच्चियों की संख्या में वृद्धि हुयी।

08:59 PM Jan 19, 2019 IST | Desk Team

बालिका पोशाक योजना, मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना की शुरूआत की गयी, जिसके पश्चात स्कूलों में पढऩे वाली बच्चियों की संख्या में वृद्धि हुयी।

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज मधुबनी जिले के घोघरडीहा प्रखण्ड अन्तर्गत गड़वा गॉव में स्वतंत्रता सेनानी स्व. बाबू अनंत लाल कामत जी की प्रतिमा का अनावरण किया तथा उनके प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने प्रतिमा अनावरण स्थल परिसर स्थित समेकित बाल विकास परियोजना द्वारा संचालित आंगनबाड़ी केन्द्र संख्या- 153 पर बच्चों को अन्नप्राशन दिवस के अवसर पर अन्नप्राशन कराया।

आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी स्व. बाबू अनंत लाल कामत जी के बारे में काफी जानकारी मिली थी, जिसके कारण यहॉ आने के निमंत्रण को स्वीकार किया। वे सादगी और सामाजिक सद्भाव के प्रतीक थे। उनका संबंध समाजवादियों से रहा है। स्व. कामत जी के प्रति मन में श्रद्धा का भाव है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर में बिजली पहुॅचाने के लक्ष्य में हम कामयाब हुये हैं। अब खपत बढ़ेगी, इसके लिये पावर ग्रिड का निर्माण कार्य कराया जा रहा है ताकि खपत के अनुसार बिजली का उत्पादन हो सके। बिहार में पहले मात्र 700 मेगावाट विद्युत खपत होता था, अब लगभग 5100 मेगावाट विद्युत की खपत हो रही है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में काफी कार्य किये गये हैं। पहले बच्चियों की संख्या विद्यालय में काफी कम थी। बच्चियों के लिये मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना, मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना की शुरूआत की गयी, जिसके पश्चात स्कूलों में पढऩे वाली बच्चियों की संख्या में वृद्धि हुयी।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2007 में पूरे बिहार में 9वीं कक्षा में पढ़ रही कुल छात्राओं की एक लाख 70 हजार से भी कम थी, जो अब बढक़र नौ लाख से अधिक हो गयी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान बढ़े, इसके लिये पंचायत एवं नगर निकाय चुनाव में महिलाओं को पचास प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिया गया, जिससे अब महिलायें आगे बढक़र विकास कार्य में जुटी हुयी हैं। समाज के सभी जाति, धर्म एवं मजहब के लोग एक दूसरे के बीच सामाजिक भाईचारे का माहौल बनाये रखें ताकि बिहार का निरंतर विकास होता रहे। एक दूसरे का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि न्याय के साथ विकास, समाज के सभी तबके एवं सभी इलाकों का विकास हमारा लक्ष्य है, इसके लिये हम कार्य करते रहते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी अपने बच्चों को अवश्य पढ़ायें। सरकार के द्वारा 12वीं कक्षा के बाद भी पढ़ाई जारी रखने हेतु स्टुडेंट क्रेडिट कार्ड की शुरूआत की गयी है। उच्चतर शिक्षा के लिये चार लाख रूपये तक की सहायता साधारण ब्याज पर दी जा रही है। लड़कियों, दिव्यांगों एवं ट्रांसजेंडरों को यह ऋण मात्र एक प्रतिषत के ब्याज पर मिलेगा। यदि पढ़ाई पूरी करने के पश्चात कोई छात्र-छात्रा राशि लौटाने में असक्षम हैं तो उनका ऋण माफ भी किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने सभी लोगों से स्टुडेंट क्रेडिट कार्ड का लाभ लेने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने सभी लोगों से बिहार के गौरव को बढ़ाने के साथ-साथ लोगों से अपने- अपने बच्चों को पढ़ाने की अपील की एवं उन्हें संकल्प भी दिलाया। मुख्यमंत्री ने अपने अभिभाषण में शराबबंदी, बाल विवाह, दहेज उन्मूलन एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों को दूर करने पर बल दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री का स्वागत मखाने की बड़ी माला पहनाकर किया गया। मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों के बीच बासगीत पर्चे का भी वितरण किया।

इस अवसर पर सांसद वीरेन्द्र चौधरी, विधायक लक्ष्मेश्वर राय, विधायक गुलजार देवी, विधान पार्षद दिलीप चौधरी, पूर्व विधान पार्षद उदय कांत चौधरी, पूर्व विधान पार्षद बिनोद चौधरी, आयुक्त दरभंगा प्रमण्डल, पुलिस महानिरीक्षक दरभंगा, पुलिस उप महानिरीक्षक दरभंगा, जिलाधिकारी मधुबनी, पुलिस अधीक्षक मधुबनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Advertisement
Advertisement
Next Article