बिहार उपचुनाव में राजग के प्रदर्शन पर चिराग पासवान ने जताई चिंता
चिराग पासवान ने कहा कि जितनी अपेक्षा थी उसके अनुरूप परिणाम नहीं मिल सके। समीक्षा बैठक में यह देखा जाएगा कि उप चुनाव के दौरान गलतियां कहां हुई। इसके बाद उन कमियों में सुधार किया जाएगा।
11:55 AM Oct 25, 2019 IST | Desk Team
लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चिराग पासवान ने आज स्वीकार किया कि बिहार विधानसभा की पांच सीटों के लिए हुए उप चुनाव के परिणाम राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहे, जो चिंता का विषय है।
बिहार के जमुई से सांसद चिराग पासवान ने यहां पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि समस्तीपुर (सुरक्षित) सीट से पार्टी के उम्मीदवार प्रिंस राज को उप चुनाव में बड़ी जीत मिली है। इस सीट से पार्टी उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित कराने के लिए राजग के नेताओं ने बड़ी मेहनत की।
उन्होंने कहा कि समस्तीपुर लोकसभा के उप चुनाव में राजग के कार्यकर्ता और नेता पूरी एकजुटता के साथ लगे रहे, जिसका परिणाम सभी के सामने है। सांसद ने कहा कि विधानसभा के उप चुनाव में जिन सीटों पर राजग की हार हुई है उसके कारणों की समीक्षा की जाएगी। उप चुनाव में हार से राजग निराश नहीं है।
हालांकि उन्होंने कहा कि उप चुनाव में गठबंधन का प्रदर्शन जिस तरह से होना चाहिए वह नहीं हो सका, जो चिंता का विषय है। चिराग पासवान ने कहा कि जितनी अपेक्षा थी उसके अनुरूप परिणाम नहीं मिल सके। समीक्षा बैठक में यह देखा जाएगा कि उप चुनाव के दौरान गलतियां कहां हुई। इसके बाद उन कमियों में सुधार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम को लेकर संभवत कल बैठक होगी। लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष ने पिछले विधानसभा उप चुनाव की चर्चा करते हुए कहा कि राजग को उस समय भी हार का सामना करना पड़ था लेकिन जब विधानसभा के चुनाव हुए तो फिर से मजबूती के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजग की ही सरकार बनी।
उन्होंने कहा कि अगले वर्ष होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में राजग पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा और फिर से नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनेगी। पासवान ने कहा कि उप चुनाव के परिणाम से विपक्ष को ज्यादा उत्साहित होने की जरूरत नहीं है। विपक्ष दो सीटें जीतकर जश्न मना रहा है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि विपक्ष को जरा पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनाव के परिणाम पर भी गौर करना चाहिए।
Advertisement
Advertisement