सिद्धू के इस्तीफे पर बुधवार को फैसला लेंगे CM अमरिंदर सिंह
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्री को धान की फसल के अहम सीजन के दौरान काम छोड़कर जाने के बजाय अपने नए विभाग को स्वीकार करना चाहिए था।
12:35 PM Jul 16, 2019 IST | Desk Team
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को कहा कि वह नवजोत सिंह सिद्धू के इस्तीफे की अंतर्वस्तु पर विचार करने के बाद बुधवार को फैसला करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में उनकी कुछ बैठकें हैं और वह बुधवार को चंडीगढ़ लौटेंगे। अमरिंदर सिंह ने बताया, ‘मैं कल चंडीगढ़ लौटने के बाद इस्तीफे पर फैसला लूंगा। मुझे इस्तीफा पर फैसला लेने से पहले त्याग पत्र की अंतर्वस्तु देखनी होगी।’
सिद्धू ने पंजाब मंत्रिमंडल से अपना इस्तीफा सोमवार को मुख्यमंत्री का आवास भेजा था। जिसके बाद मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा कि यदि उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगी नवजोत सिंह सिद्धू अपना काम नहीं करना चाहते हैं, तो वह कुछ कर नहीं सकते। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्री को धान की फसल के अहम सीजन के दौरान काम छोड़कर जाने के बजाय अपने नए विभाग को स्वीकार करना चाहिए था।
अमरिंदर ने कहा, ‘मुझे सिद्धू से कोई आपत्ति नहीं है, बल्कि कैबिनेट फेरबदल के बाद मैंने उन्हें बहुत महत्वपूर्ण पोर्टफोलियो दिया था। कैबिनेट छोड़ने का फैसला उनका है। मुझे बताया गया कि उन्होंने मेरे ऑफिस में लेटर भेजा है। मैं चंडीगढ़ जाकर इसे देखूंगा और फिर तय करूंगा कि क्या करना है।’ इससे पहले सिद्धू ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को 10 जून को अपना इस्तीफा भेजने का दावा किया था। उन्होंने रविवार को अपना त्यागपत्र सार्वजनिक कर दिया था।
Advertisement
Advertisement