Arvind Singh मेवाड़ के निधन पर CM Bhajanlal Sharma ने व्यक्त की संवेदना
मेवाड़ की विरासत को आगे बढ़ाने वाले अरविंद सिंह मेवाड़ का निधन
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मेवाड़ के पूर्व राजघराने के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन पर दुख जताया है। सीएम ने कहा कि उन्होंने मेवाड़ की वैभवशाली विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, विधायक रविंद्र सिंह भाटी, राज्य सरकार में मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने भी अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन पर दुख जताया है।
मेवाड़ के पूर्व राजघराने के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ (81) का रविवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने शंभू निवास में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और उदयपुर स्थित उनके आवास पर उनका इलाज किया जा रहा था। अरविंद सिंह मेवाड़ के बेटे लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने बताया कि सोमवार को उनका अंतिम संस्कार होगा। अंतिम संस्कार में देश-विदेश के बड़े लोगों के पहुंचने की संभावना है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के वरिष्ठ सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ का निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने मेवाड़ की वैभवशाली विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका प्रभावशाली व्यक्तित्व और अनुकरणीय चरित्र भावी पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे तथा शोकाकुल परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे।”
PM मोदी देखें ‘छावा’, साबित करें गोलवलकर गलत थे: Sanjay Raut
वसुंधरा राजे ने एक्स पर लिखा, “महाराज अरविंद सिंह मेवाड़ के देवलोकगमन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने उदयपुर में पर्यटन को बढ़ावा देने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पर्यटन के क्षेत्र में उन्होंने जो प्रयास किए वह सदैव याद रहेंगे। शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि वह दिवंगत की आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करें।”
विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने कहा, “मेवाड़ राजवंश के वरिष्ठ सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। वह न केवल मेवाड़ की शान थे, बल्कि अपने प्रयासों से उदयपुर को पर्यटन के मानचित्र पर एक नई ऊंचाई तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी सेवाएं और योगदान सदैव स्मरणीय रहेंगे। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति दें।”
राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने एक्स पर अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा, “मेवाड़ राजवंश के वरिष्ठ सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ का निधन अत्यंत दुखद है। उनकी सेवाएं और योगदान सदैव स्मरणीय रहेंगे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे।”
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कहा, “उदयपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन पर गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दे एवं परिजनों को यह दुख सहन करने की हिम्मत प्रदान करे।”
उल्लेखनीय है कि अरविंद सिंह मेवाड़ भगवंत सिंह मेवाड़ और सुशीला कुमारी के बेटे थे। पिछले साल नवंबर में उनके बड़े भाई महेंद्र सिंह मेवाड़ का निधन हो गया था। महाराणा प्रताप के वंशज अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन से उदयपुर में शोक की लहर है।