चंपावत से चुनाव लडेंगे सीएम धामी, विधायक गहतोडी खाली करेंगे अपनी सीट
चंपावत सीट से भाजपा विधायक कैलाश चंद्र गहतोडी बृहस्पतिवार को अपने पद से इस्तीफा देंगे जिससे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विधानसभा पहुंचने के लिए उपचुनाव लड़ने का रास्ता साफ हो जाएगा।
09:58 PM Apr 20, 2022 IST | Desk Team
चंपावत सीट से भाजपा विधायक कैलाश चंद्र गहतोडी बृहस्पतिवार को अपने पद से इस्तीफा देंगे जिससे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विधानसभा पहुंचने के लिए उपचुनाव लड़ने का रास्ता साफ हो जाएगा।
Advertisement
बृहस्पतिवार को विस अध्यक्ष से मिलकर इस्तीफा सौपेंगे गहतोडी
पार्टी सूत्रों ने यहां बताया कि गहतोडी फिलहाल दिल्ली में हैं और वह बृहस्पतिवार को विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी से मिलकर उन्हें इस्तीफा सौंपेंगे। फरवरी में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा ने उत्तराखंड विधानसभा की 70 में से 47 सीटें जीतकर प्रदेश में लगातार दूसरी बार सत्ता में आने का इतिहास रचा लेकिन जीत की अगुवाई करने वाले धामी को खटीमा सीट से हार का सामना करना पड़ा।
छ:माह के अंर्तगत बनना होगा विस सदस्य
‘उत्तराखंड फिर मांगे, मोदी—धामी की सरकार’ के नारे पर विधानसभा चुनाव लड़ने वाली भाजपा ने एक बार फिर धामी को ही मुख्यमंत्री बनाया। हालांकि, छह महीने के भीतर सदन का सदस्य निर्वाचित होना धामी के लिए एक संवैधानिक बाध्यता है और इसी कारण उन्हें उपचुनाव लड़ना है।
मुख्यमंत्री अगर चंपावत से चुनाव लड़ते हैं तो मेरे लिए सम्मान की बात – कैलाश चंद्र गहतोडी विधायक भाजपा
धामी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद उनके लिए अपनी सीट खाली करने का सबसे पहला प्रस्ताव गहतोडी ने ही दिया था। दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए गहतोडी ने पहले कहा था, ‘‘अगर मुख्यमंत्री चंपावत सीट से (उपचुनाव) लड़ते हैं तो यह मेरे लिए सम्मान की बात होगी।’’
Advertisement